Hindi Newsदेश न्यूज़germany response on rahul gandhi incident congress vs bjp kiren rijiju digvijaya singh - India Hindi News

विदेश से कराया दखल... राहुल गांधी के मसले पर जर्मनी के बोल से भड़की भाजपा; कांग्रेस खुश

Germany on Rahul Gandhi Incident: हाल ही में राहुल गांधी का ब्रिटेन दौरा विवादों में आ गया था। भाजपा ने उस दौरान उनपर अन्य देशों को भारत में दखल के लिए आमंत्रित करने के आरोप लगाए थे।

Nisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीThu, 30 March 2023 07:27 AM
share Share

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा जाने के मुद्दे पर अमेरिका के बाद जर्मनी भी प्रतिक्रिया दे चुका है। अब इसे लेकर भारत में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच विवाद शुरू हो गया है। एक ओर जहां कांग्रेस नेता जर्मनी का 'धन्यवाद' कर रहे हैं। वहीं, भाजपा ने साफ कर दिया है कि विदेशी 'दखल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।'

पहले समझें जर्मनी ने क्या कहा था
बुधवार को जर्मनी के विदेश मंत्रालय ने कहा था, 'हमारी जानकारी के अुसार, राहुल गांधी फैसले पर अपील कर सकते हैं। इसके बाद यह साफ हो जाएगा कि फैसला टिक सकता है और क्या इस निलंबन का कोई आधार है या नहीं।' उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में न्यायिक स्वतंत्रता के मानक और लोकतांत्रिक सिद्धांतों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए।

कांग्रेस ने किया धन्यवाद
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने प्रतिक्रिया पर जर्मनी का धन्यवाद दिया है। उन्होंने ट्वीट किया, 'राहुल गांधी के उत्पीड़न के जरिए भारत में कैसे लोकतंत्र के साथ समझौता किया जा रहा है, इसका संज्ञान लेने के लिए जर्मनी के विदेश मंत्रालय और रिचर्ड वॉकर का शुक्रिया।'

भाजपा बोली भारत बर्दाश्त नहीं करेगा
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू कांग्रेस नेता के ट्वीट पर पलटवार किया है। उन्होंने लिखा, 'भारत के आंतरिक मामलों में दखल देने के लिए विदेशी ताकतों को बुलाने के लिए राहुल गांधी का धन्यवाद। याद रहे कि भारतीय न्यायपालिका पर विदेशी दखल का असर नहीं होगा। भारत विदेशी प्रभाव को अब और बर्दाश्त नहीं करेगा, क्योंकि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।'

राहुल और विदेशी दखल का मुद्दा
हाल ही में राहुल गांधी का ब्रिटेन दौरा विवादों में आ गया था। भाजपा ने उस दौरान उनपर अन्य देशों को भारत में दखल के लिए आमंत्रित करने के आरोप लगाए थे। लंदन में एक संबोधन के दौरान कांग्रेस नेता ने आरोप लगाए थे कि कैसे भारत में संस्थान खतरे में हैं और उनपर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का कब्जा हो गया है।

उन्होंने कहा था, 'भारत में लोकतांत्रिक चुनाव का तरीका पूरी तरह बदल गया है और उसकी वजह एक संगठन आरएसएस है...।' उन्होंने यह भी कहा था कि यूरोप और अमेरिका भारत में लोकतंत्र को बहाल करने के लिए पर्याप्त कोशिशें नहीं कर रहे हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें