Hindi Newsदेश न्यूज़eknath shinde osd bjp leader ashish kulkarni devendra fadnavis close aide - India Hindi News

एकनाथ शिंदे के ऑफिस में क्यों हुई भाजपा नेता की तैनाती, बना दिया OSD; समझें क्या है प्लान

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष कुलकर्णी को सीएम एकनाथ शिंदे के ओएसडी यानी ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी नियुक्त किया गया है। सरकार का कहना है कि यह फैसला समन्वय बेहतर करने के लिए लिया गया है।

Surya Prakash लाइव हिन्दुस्तान, मुंबईWed, 31 Aug 2022 08:44 AM
share Share

महाराष्ट्र में कैबिनेट विस्तार को दो महीने का वक्त बीच चुका है और अब नौकरशाही में फेरबदल की तैयारी है। इस बीच एक बड़ा फैसला यह हुआ है कि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष कुलकर्णी को सीएम एकनाथ शिंदे के ओएसडी यानी ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी नियुक्त किया गया है। भाजपा के एक सीनियर मिनिस्टर ने नाम उजागर न करने की शर्त पर कहा, 'कुलकर्णी का अपॉइंटमेंट इसलिए किया गया है ताकि दोनों गठबंधन साझीदारों के बीच समन्वय बेहतर रहे।' कुलकर्णी को देवेंद्र फडणवीस का करीबी नेता माना जाता है। भाजपा को विधान परिषद और राज्यसभा में अतिरिक्त सीट जिताने के प्लान में उनकी अहम भूमिका थी। 

अब चर्चा है कि अगले कुछ सप्ताह में महाराष्ट्र सरकार मुंबई, पुणे और नागपुर नगर निकायों के कमिश्नर बदल सकती है। मुंबई के कमिश्नर आईएस चहल को हटाने की तैयारी है, जिनकी कोरोना काल में अच्छे काम के लिए सराहना हुई थी। अब उनकी जगह पर नितिन करीर का नाम सबसे आगे चल रहा है। वह फिलहाल अडिशनल चीफ सेक्रेटरी (रेवेन्यू) हैं। हाल ही में भाजपा विधायकों ने चहल पर हमला बोलते हुए बीएमसी में करप्शन के आरोप लगाए थे। यही नहीं सरकार की ओर से अनियमितताओं की जांच के लिए भी आदेश दिए गए हैं।  

इसके अलावा श्रवण हार्दिकर और संजीव कुमार को पुणे म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के कमिश्नर की रेस में आगे चल रहे हैं। एक अधिकारी ने कहा कि हर सरकार चाहती है कि वह अपने पसंद के अधिकारियों को ही रखे, जो अच्छे से काम में उसका सहयोग करें। अधिकारी ने कहा कि गणेश उत्सव के बाद अगले सप्ताह नौकरशाही में कुछ अहम बदलाव हो सकते हैं। यह दो चरणों में होगा ताकि कामकाज में किसी भी तरह की बाधा पैदा न होने पाए। दरअसल कई मंत्रालयों में अधिकारियों की कमी है या फिर एक ही अधिकारी के हवाले दो विभाग हैं। फडणवीस सरकार में अधिकारी रहे आईएएस प्रवीण दराडे और पराग जैन नेनुतिया को भी एकनाथ शिंदे सरकार में जिम्मेदारी दी जा सकती है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें