Hindi Newsदेश न्यूज़coronavirus new cases in india found bodh gaya to bengaluru mask return in karnataka - India Hindi News

बेंगलुरु से गया तक विदेश से आया कोरोना, मॉक ड्रिल के लिए तैयार हर राज्य; कर्नाटक में मास्क पर फैसला

बिहार के बोध गया में म्यांमार और थाइलैंड से आए 4 लोग संक्रमित पाए गए हैं। देश के सभी राज्यों में अलर्ट की स्थिति है। इस बीच कर्नाटक में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क अनिवार्य कर दिया गया है।

Surya Prakash लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीMon, 26 Dec 2022 10:08 AM
share Share

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में चीन से आए एक 37 वर्षीय शख्स के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की पुष्टि हुई है। इसके अलावा कोलकाता में भी दो यात्री संक्रमित पाए गए हैं। सभी सैंपल्स को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है ताकि यह पता लग सके कि कोई नया वैरिएंट तो देश में नहीं आ गया। इसके अलावा बिहार के बोध गया में म्यांमार और थाइलैंड से आए 4 लोग संक्रमित पाए गए हैं। कोरोना पॉजिटिव पाई गईं तीन महिलाएं थाइलैंड की हैं, जबकि एक पुरुष म्यांमार का रहने वाला है। फिलहाल इस बात पर नजर है कि इन लोगों की जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट में कौन सा वैरिएंट पाया जाता है। 

चीन के हालात को देखते हुए देश भर में कोरोना को लेकर सतर्कता का माहौल है। कर्नाटक में तो सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। स्कूल, कॉलेजों एवं मूवी थिएटर्स में मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा पब, रेस्तरां और बार में नया साल मनाने के दौरान मास्क लगाना अनिवार्य हो गया है। कर्नाटक के हेल्थ मिनिस्टर का कहना है कि नए साल का सेलिब्रेशन रात 1 बजे तक समाप्त हो जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि फिलहाल घबराने की कोई जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी जरूरी है। इस बीच यूपी, दिल्ली समेत तमाम राज्यों ने कोरोना की नई लहर की आशंका को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं। 

UP सरकार ने दी अस्पतालों में मास्क लगाने की सलाह

उत्तर प्रदेश में प्रशासन ने सभी अस्पतालों में मॉक ड्रिल की तैयारियों का जायजा लिया है। देश भर के अस्पतालों में मंगलवार 27 दिसंबर को कोरोना मॉक ड्रिल की जानी है। उन्नाव और आगरा में दो नए केस मिलने के बाद से प्रशासन सतर्क है। इस बीच यूपी सरकार ने आदेश दिया है कि अस्पतालों में मास्क जरूर लगाया जाए। फिलहाल सार्वजनिक स्थानों पर या फिर सफर के दौरान मास्क लगाने को अनिवार्य नहीं किया गया है। लेकिन केंद्र सरकार से लेकर राज्यों तक में इसकी सलाह जरूर दी जा रही है। यूपी के हेल्थ मिनिस्टर ब्रजेश पाठक ने कहा कि हमें आगरा में एक शख्स के संक्रमित होने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि शख्स के सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है। 

चीन के हालात को देखते हुए देश भर में अलर्ट

पाठक ने कहा कि कोरोना संक्रमित मिले शख्स को होम आइसोलेशन में रखा गया है। उन्होंने कहा कि मैं उन सभी लोगों से अपील करता हूं कि होम आइसेलेशन में रहें, जो विदेश से लौटकर आए हैं। पाठक ने कहा कि विदेश से आने वाले लोग कोरोना की रिपोर्ट आने तक आइसोलेशन में जरूर रहें। गौरतलब है कि चीन के हालात को देखते हुए देश भर में अलर्ट की स्थिति है। केंद्र सरकार ने बीते सप्ताह गाइडलाइंस में राज्यों से कहा था कि टेस्टिंग में इजाफा किया जाए। पॉजिटिव मिले केसों को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा जाए। इसके अलावा लोगों को मास्क लगाने के लिए प्रेरित किया जाए। यही नहीं देश भर के अस्पतालों की तैयारी का जायजा लेने के लिए 27 दिसंबर को मॉक ड्रिल का फैसला लिया गया है। 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें