जनादेश को स्वीकारते हैं, लोगों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे; दिल्ली नतीजों पर राहुल गांधी
- राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया कि दिल्ली का जनादेश हम विनम्रता से स्वीकार करते हैं। प्रदेश के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके समर्पण और सभी मतदाताओं को उनके समर्थन के लिए दिल से धन्यवाद।

Delhi Chunav Result: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि वह दिल्ली के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करते हैं तथा आगे उनकी पार्टी राष्ट्रीय राजधानी की प्रगति तथा दिल्लीवासियों के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी। निर्वाचन आयोग के शाम सात बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा दिल्ली की 70 में से 47 सीट जीत गई है और एक पर उसकी बढ़त बरकरार है। इस प्रकार वह 48 सीट पर जीत या बढ़त के साथ निर्णायक बहुमत हासिल करती दिख दिख रही है, जबकि आप 22 सीट पर सिमट गई। एक बार फिर कांग्रेस दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपना खाता खोल नहीं सकी।
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''दिल्ली का जनादेश हम विनम्रता से स्वीकार करते हैं। प्रदेश के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके समर्पण और सभी मतदाताओं को उनके समर्थन के लिए दिल से धन्यवाद।'' उन्होंने कहा, ''प्रदूषण, महंगाई और भ्रष्टाचार के विरुद्ध, दिल्ली की प्रगति और दिल्लीवासियों के अधिकारों की यह लड़ाई जारी रहेगी।''
जनादेश हमारी उम्मीदों के अनुरूप नहीं: खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि दिल्ली का जनादेश पार्टी की उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है, लेकिन वह इसे स्वीकारते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस दिल्ली में विकास के मुद्दे उठाती रहेगी और जनता के साथ जुड़ी रहेगी। खरगे ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने जनहित में सत्ता के ख़िलाफ़ माहौल बनाया, पर जनता ने हमें उम्मीद के अनुरूप जनादेश नहीं दिया। हम जनमत को स्वीकारते हैं।'' उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हर एक नेता और कार्यकर्ता ने एकजुट होकर, विपरीत परिस्थितियों में मेहनत की, पर अभी और कड़ी मेहनत और संघर्ष की आवश्यकता है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ''आने वाले दिनों में हम दिल्ली में प्रदूषण, यमुना की सफ़ाई, बिजली, सड़क, पानी और विकास के मुद्दों को उठाते रहेंगे और जनता से जुड़े रहेंगे।''