'मुझे नहीं पता, मैंने अब तक नहीं देखा', दिल्ली चुनाव के नतीजों पर क्या बोलीं प्रियंका गांधी
- चुनाव आयोग के आंकड़ों पर नजर डालें तो भाजपा कुल 70 में से 41 सीटों पर आगे चल रही है। आम आदमी पार्टी को 29 सीटों पर बढ़त हासिल है। कांग्रेस का खाता भी खुलता नहीं दिख रहा है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर वोटों की गिनती जारी है। अब तक के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती दिख रही है। कांग्रेस का इस बार भी खाता खुल पाएगा या नहीं, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। इस बीच, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा शनिवार को केरल के कन्नूर पहुंचीं। यहां पत्रकारों ने उनसे दिल्ली के चुनावी नतीजों पर सवाल पूछा। इसके जवाब में उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता। मैंने अब तक परिणाम नहीं देखा है।' अगर चुनाव आयोग के आंकड़ों पर नजर डालें तो भाजपा कुल 70 में से 41 सीटों पर आगे चल रही है। आम आदमी पार्टी को 29 सीटों पर बढ़त हासिल है।
रुझानों में कांग्रेस भले ही कहीं नजर नहीं आ रही है, लेकिन पार्टी के महिला संगठन की राष्ट्रीय प्रमुख व कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के रुझान जो भी हों, लेकिन दिल्ली के गुनाहगारों को जनता माफ नहीं करेगी। उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल का नाम लिए बिना कहा, 'मैं आज सुबह सबसे पहले कालकाजी मंदिर गई हूं। मुझे नहीं मालूम कि दिल्ली में किसका फायदा हो रहा है और किसका नुकसान हो रहा है। मुझे मालूम है कि दिल्ली के लोग दिल्ली के गुनाहगार को माफ नहीं करेंगे। जिसने दिल्ली का नुकसान किया है उसका नुकसान हो रहा है, यह तय है।'
संदीप दीक्षित ने चुनावी नतीजों पर क्या कहा
इस बीच, कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के रुझानों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, 'हम राजनीतिक लोग हैं और गलतियां हो सकती हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में कमी रही है और हम इसको स्वीकार करते हैं।' उन्होंने भाजपा के आरोप पर कहा कि इस पार्टी का कोई प्रचार तब तक पूरा नहीं होता है, जब तक गांधी परिवार को भला बुरा नहीं कहते हैं। वहीं, नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने कहा, 'इस समय तो ऐसा लग रहा है कि भाजपा सरकार बन रही है। 6-7 राउंड के बाद स्थिति साफ हो जाती है। ये जनता का फैसला है। हम सिर्फ इतना कह सकते हैं कि हमने मुद्दे उठाए और काफी हद तक चुनाव हमारे उठाए मुद्दों पर आधारित था। अंत में जनता जो कहेगी वह मंजूर है।'