पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के नाम से कांग्रेस की बड़ी पहल, शुरू किया फेलो प्रोग्राम
- विभाग के अध्यक्ष प्रवीण चक्रवर्ती ने संवाददाताओं कहा, ‘‘डॉ. मनमोहन सिंह फेलो प्रोग्राम हर साल देश भर से 50 पेशेवरों की पहचान करेगा और उनका चयन करेगा। ये वो पेशेवर होंगे जो अपने करियर के मध्य स्तर में हैं और जिन्होंने पेशेवर दुनिया में लगभग दस साल बिताए हैं।’’

कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत मनमोहन सिंह के नाम पर शुक्रवार को एक फेलो प्रोग्राम की शुरुआत की। इसके तहत देश भर से 50 पेशेवरों का चयन किया जाएगा और उन्हें पार्टी के भीतर प्रमुख नेता प्रशिक्षित करेंगे तथा फिर उन्हें पार्टी से जुड़े कार्यों में लगाया जाएगा। पार्टी के विभाग ‘ऑल इंडिया प्रोफेशनल कांग्रेस’ ने इस कार्यक्रम घोषणा की।
विभाग के अध्यक्ष प्रवीण चक्रवर्ती ने संवाददाताओं कहा, ‘‘डॉ. मनमोहन सिंह फेलो प्रोग्राम हर साल देश भर से 50 पेशेवरों की पहचान करेगा और उनका चयन करेगा। ये वो पेशेवर होंगे जो अपने करियर के मध्य स्तर में हैं और जिन्होंने पेशेवर दुनिया में लगभग दस साल बिताए हैं।’’
उन्होंने बताया, ‘‘इन 50 लोगों को पार्टी के एक प्रतिष्ठित पैनल द्वारा बहुत गहन चयन प्रक्रिया के माध्यम से चुना जाएगा। एक बार चुने जाने के बाद, उन्हें कांग्रेस पार्टी के उन वरिष्ठ नेताओं द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा जो स्वयं पेशेवर पृष्ठभूमि से आए हैं।’’
उन्होंने इस बात पर जोर दिया, ‘‘यह एक प्रवेश-स्तर का इंटर्नशिप कार्यक्रम नहीं है, न ही इसके अंत में केवल एक प्रमाणपत्र के साथ यह समयबद्ध है। यह सार्वजनिक सेवा के गंभीर इरादे वाले गंभीर लोगों के लिए एक गंभीर कार्यक्रम है।’’ मनमोहन सिंह का पिछले साल 26 दिसंबर को निधन हो गया था।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा, पार्टी के झारखंड के प्रभारी तथा अनुसूचित जाति,जनजाति, अल्पसंख्या विभाग के प्रमुख के राजू तथा प्रोफेशनल कांग्रेस के चेयरमैन प्रवीण चक्रवर्ती ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि डॉ. सिंह के नाम पर ‘फेलो कार्यक्रम’ शुरू किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत हर साल राजनीति में आने के इच्छुक उन 50 मिड करियर प्रोफेशनल्स को शामिल किया जाएगा जो समर्पित होकर राजनीति में आकर समाज की बेहतरी के लिए अपने ज्ञान का योगदान देना चाहते हैं। इस मंच से उन्हें फेलो बनकर राजनीति में आने का एक स्पष्ट मार्ग मिलेगा।
(एजेंसियों के इनपुट के साथ)