शानदार काम किया, बधाई हो; दिल्ली में भाजपा की जीत पर BRS नेता KTR ने राहुल गांधी पर कसा तंज
- दिल्ली चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) को करारा झटका लगा है। पार्टी संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से चुनाव हार गए हैं।

Delhi Chunav Result दिल्ली विधानसभा चुनावों के नतीजों के बीच भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव (KTR) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, "राहुल गांधी को एक बार फिर से बीजेपी की जीत सुनिश्चित करने के लिए बधाई! शानदार काम किया।"
दिल्ली चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) को करारा झटका लगा है। पार्टी संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली सीट से चुनाव हार गए हैं। उन्हें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार प्रवेश साहिब सिंह ने मात दी। इसी तरह, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी जंगपुरा सीट से हार गए। बीजेपी के प्रत्याशी तर्विंदर सिंह मारवाह ने उन्हें 600 से अधिक मतों से हराया।
अब तक घोषित 70 सीटों के रुझानों के अनुसार, बीजेपी 47 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि आम आदमी पार्टी 23 सीटों पर आगे चल रही है। दोपहर 1:15 बजे तक मिले रुझानों के मुताबिक, भाजपा दिल्ली में मजबूत वापसी करती नजर आ रही है।
विश्लेषकों का मानना है कि आम आदमी पार्टी को सत्ता विरोधी लहर और भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना करना पड़ा, जिसका फायदा भाजपा को मिला। वहीं, कांग्रेस का प्रदर्शन इस चुनाव में अपेक्षाकृत कमजोर रहा, जिससे भाजपा को सीधा लाभ मिला। शीला दीक्षित के नेतृत्व में 15 वर्षों तक शासन करने वाली कांग्रेस को इस बार भी किसी सीट पर जीत नहीं मिली है।