Notification Icon
Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़mp bjp manvendra singh made allegations against union minister virendra kumar khatik

केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक पर BJP के ही नेता ने खोला मोर्चा, कहा- अपराधियों को बनाया प्रतिनिधि

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बीजेपी नेताओं के बीच तगड़ी खींचतान सामने आई है। केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक के खिलाफ भाजपा के ही मानवेंद्र सिंह (भंवर राजा) ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने वीरेंद्र कुमार खटीक पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

Krishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, छतरपुरSat, 14 Sep 2024 03:10 PM
share Share

एमपी के छतरपुर जिले में बीजेपी के बीच अंदरूनी खींचतान सामने आई है। केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक के खिलाफ भाजपा के ही मानवेंद्र सिंह (भंवर राजा) ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मानवेंद्र सिंह ने सर्किट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने जिन सांसद प्रतिनिधियों को मनोनीत किया है, उनमें से कई पर हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर अपराधिक मामले दर्ज हैं।

बता दें कि मानवेंद्र सिंह मौजूदा वक्त में बीजेपी में हैं। यही नहीं उनके बेटे कामाख्या प्रताप सिंह महाराजपुर विधानसभा से विधायक हैं। मानवेंद्र सिंह कई बार महाराजपुर विधानसभा से विधायक और पूर्व में मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि वीरेंद्र कुमार खटीक ने जिन्हें सांसद प्रतिनिधि बनाया है उन्होंने महाराजपुर विधानसभा में बेटे कामाख्या प्रताप सिंह के खिलाफ गुटबाजी की थी। वीरेंद्र कुमार खटीक की शह पर ये मेरे बेटे के खिलाफ लामबंद हो रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि वीरेंद्र कुमार खटीक ने छतरपुर एवं टीकमगढ़ जिले में 100 से अधिक सांसद प्रतिनिधियों को नियुक्त किया है। हर एक विभाग के लिए अलग-अलग प्रतिनिधि मनोनीत किए गए हैं। इसी वजह से वीरेंद्र कुमार खटीक चर्चा में हैं। मानवेंद्र सिंह का केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक पर आरोप है कि वह महाराजपुर विधानसभा में ऐसे लोगों को सामने ला रहे हैं जिन्होंने चुनाव के दौरान कामाख्या प्रताप सिंह का विरोध किया था।

मानवेंद्र सिंह महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के कद्दावर नेता माने जाते हैं। वह इस सीट से एक बार निर्दलीय विधायक भी रह चुके हैं। हालांकि मानवेंद्र सिंह के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं मानवेंद्र सिंह के साथ प्रेस कांफ्रेंस में पहुंचे बीजेपी के अनुचित जाती मोर्चा के लाल दीवान ने भी मनोनीत सांसद प्रतिनिधियों पर दर्ज मुकदमों की बात कही और बताया कि उन्होंने पीएम को भी शिकायत भेजी है। 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें