Notification Icon
Hindi Newsझारखंड न्यूज़गढ़वाGirl from Indigenous Tribe Returns Home After Allegations of Human Trafficking in Bihar

मधुबनी से छपरा लौटी युवती, कल लौटेगी गढ़वा

फॉलोअप जिलांतर्गत रमकंडा थाना के गोबरदाहा गांव की आदिम जनजाति परिवार की युवती करीब सात महीने बाद बुधवार को लौट जाएगी। वह मधुबनी से छपरा लौट आई है जिला

Newswrap हिन्दुस्तान, गढ़वाMon, 16 Sep 2024 09:00 PM
share Share

गढ़वा, प्रतिनिधि। जिलांतर्गत रमकंडा थाना के गोबरदाहा गांव की आदिम जनजाति परिवार की युवती करीब सात महीने बाद बुधवार को लौट जाएगी। वह मधुबनी से छपरा लौट आई है। मंगलवार शाम को वह एक अन्य डांसर दोस्त के साथ ट्रेन पकड़ेगी। यह जानकारी छपरा जिलांतर्गत जलालपुर गांव निवासी संतोष कुशवाहा ने दी। उक्त लड़की फरवरी महीने में ही उसके आर्केस्ट्रा कंपनी में डांसर के तौर पर ले जाई गई थी। मामला तब प्रकाश में आया जब उसके मां और पिताजी ने रमकंडा थाना में बेटी को 50 हजार में बेच देने की लिखित शिकायत की थी। उसके माता पिता ने बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई थी। उन्होंने बेटी को बहला फुसलाकर आर्केस्ट्रा में डांस करने के नाम पर बिहार में बेचने का आरोप गांव के ही तीन लोगों पर लगाया था। उसके बाद पुलिस ने आरोपियों के अलावा युवती और आर्केस्ट्रा के मालिक से भी पूछताछ कर पूरी जानकारी ली। पूछताछ में उसे बेचे जाने की पुष्टि नहीं हुई।

उक्त युवती का परिवार मूलत: बिहार के नौहट्टा का रहने वाला है। गोबरदाहा में वह नानी के घर अपने मां-पिता के साथ रहती है। उसे उसके रिश्ते की मौसी सहित तीन लोग जलालपुर ले जाकर संतोष के आर्केस्ट्रा कंपनी को सौंप दिया था। वह आर्केस्ट्रा कंपनी में शामिल होकर बर्थ डे पार्टी, शादी सहित अन्य कार्यक्रमों में बतौर डांसर काम करने लगी। उसे लेकर वहां तक पहुंचाकर उसकी मौसी वापस आ गई। उसके बाद से ही वह वहीं रह गई। बाद में वह भी आना चाहती थी लेकिन रूट की जानकारी नहीं होने के कारण लौट नहीं सकी। आर्केस्ट्रा का धंधा मंदा होने पर बाद में यहां से संतोष ने ही उसे गोरखपुर निवासी आनंद सिंह के आकेस्ट्रा कंपनी को दे दिया था। वह एक सितंबर को मधुबनी चली गई। दरअसल संतोष आर्केस्ट्रा के लिए डांसर की खरीद फरोख्त काम करता है। उसे डांसर देने वाले व्यक्ति को कुछ रुपये देता है। गोबरदाहा गांव की उक्त लड़की को उसे देने के एवज में वहां तक पहुंचाने वालों को भी उसने कुछ रुपये दिए थे। उधर आनंद सिंह के आर्केस्ट्रा कंपनी में बतौर एनाउंसर काम करने वाला उमेश ने बताया कि मामला प्रकाश में आने के बाद लड़की को मधुबनी के जयनगर बस स्टैंड ले जाकर रविवार शाम 5.20 बजे बस पर बिठा दिया था। उसकी जानकारी संतोष को भी दे दी गई। उधर संतोष ने बताया कि जयनगर से छपरा आने के बाद वह उसके पास नहीं पहुंची। वहां से वह अपने डांसर दोस्त के साथ बलिया चली गई। वह सोमवार को करीब डेढ़ बजे उसके पास पहुंची। उसे मंगलवार को ट्रेन पर बिठा दिया जाएगा। उसके साथ गढ़वा की ही एक और लड़की जा रही है। वह बुधवार को अपने घर पहुंच जाएगी।

::बॉक्स::मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस लगातार युवती के संपर्क में रही। उसे वहां तक ले जाने वाले आरोपियों से भी पूछताछ की गई। उसके अलावा जहां काम कर रही थी उस आर्केस्ट्रा के मालिक से भी जानकारी ली गई। युवती को बेचने का मामला सामने नहीं आया। लड़की ने भी पूरी जानकारी दी है। उसने बताया कि वह लौट जाएगी। रोहित रंजन सिंह, एसडीपीओ रंका।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें