'सरेंडर कर दो तो जान बच जाएगी', यूक्रेनी सैनिकों को व्लादिमीर पुतिन की चेतावनी
- डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा, ‘रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बहुत अच्छी और सार्थक बातचीत हुई। इस खूनी युद्ध के खत्म होने की संभावना है। हालांकि यह ऐसा मुश्किल समय है। हजारों यूक्रेनी सैनिकों को रूसी सेना से पूरी तरह से घेर लिया है।’
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कुर्स्क क्षेत्र में लड़ रहे यूक्रेनी सैनिकों को आत्मसमर्पण करने को कहा है। उनका यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस अपील के बाद आया है, जिसमें उन्होंने पुतिन से यूक्रेनी सैनिकों की जान बख्शने को कहा था। पुतिन ने टेलीविजन पर दिए गए बयान में कहा, 'हम राष्ट्रपति ट्रंप की गुजारिश के प्रति सहानुभूति रखते हैं। अगर वे हथियार डालकर सरेंडर करते हैं तो उन्हें जीवन और सम्मानजनक व्यवहार की गारंटी दी जाएगी।' राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के नेतृत्व से अपने सैनिकों को आत्मसमर्पण का आदेश जारी करने को कहा है। यह देखने वाली बात होगी कि इस पर यूक्रेन की क्या प्रतिक्रिया आती है।
इससे पहले, व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि वह यूक्रेन में 30 दिन के युद्ध विराम के अमेरिकी प्रस्ताव से सिद्धांत रूप में सहमत हैं। लेकिन, इस बात पर जोर दिया कि शर्तों पर अभी काम किया जाना है। पुतिन ने कहा कि किसी भी युद्ध विराम से स्थायी शांति का मार्ग प्रशस्त होना चाहिए। उन्होंने रूस में संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'यह विचार अपने आप में सही है और हम निश्चित रूप से इसका समर्थन करते हैं। लेकिन ऐसे मुद्दे हैं जिन पर हमें चर्चा करने की जरूरत है। मुझे लगता है कि हमें अपने अमेरिकी सहयोगियों और साझेदारों के साथ इस बारे में बात करने की आवश्यकता है। संभवतः राष्ट्रपति ट्रंप से फोन पर बात करके उनके साथ इस पर चर्चा करनी चाहिए।'
ट्रंप बोले- यूक्रेनी सेना घिर गई
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि रूस से अच्छे संकेत मिल रहे हैं। उन्होंने पुतिन के बयान को लेकर सतर्कतापूर्ण आशावाद प्रदर्शित किया। उन्होंने दोहराया कि वह पुतिन से बात करने के लिए तैयार हैं। इस बात पर जोर दिया कि युद्ध को समाप्त करने का समय आ गया है। इसके बाद शुक्रवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बहुत अच्छी और सार्थक बातचीत हुई। इस खूनी युद्ध के खत्म होने की संभावना है। हालांकि यह ऐसा मुश्किल समय है। हजारों यूक्रेनी सैनिकों को रूसी सेना से पूरी तरह से घेर लिया है। यूक्रेन युद्ध में बहुत बुरी और कमजोर स्थिति में हैं। मैंने राष्ट्रपति पुतिन से आग्रह किया है कि उनकी जान बख्श दीजिए। यह भयानक नरसंहार होगा, जो दूसरे विश्व युद्ध के बाद नहीं देखा गया।'
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।