माली में बड़ा हादसा; सोने की खदान ढहने से 48 लोगों की मौत, 10 घायलों की हालत गंभीर
- स्थानीय अधिकारी ने कहा कि कैटरपिलर मशीन एक कारीगर खदान पर गिर गई, जहां महिलाओं का समूह सोने की तलाश में काम कर रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने पुष्टि की है कि 48 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पश्चिम अफ्रीकी देश माली में सोने की खदान ढहने से बड़ा हादसा हो गया। इसकी चपेट में आने से 48 लोगों की मौत हो गई, जिनमें अधिकांश महिलाएं है। मामले पर लगातार नजर बनाए हुए प्रत्यक्षदर्शियों ने यह जानकारी दी। बताया जा रहा है कि यह खदान अवैध रूप से संचालित थी। यह त्रासदी कायेस क्षेत्र के केनीबा जिले में स्थित डाबिया कम्यून के एक गांव बिलालकोटो में हुई।
स्थानीय अधिकारी ने कहा कि कैटरपिलर मशीन एक कारीगर खदान पर गिर गई, जहां महिलाओं का समूह सोने की तलाश में काम कर रहा था। मौके पर मौजूद लोगों ने पुष्टि की है कि 48 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 10 गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। अधिकारी ने बताया, 'कुछ सूत्रों ने लगभग 50 मौतों की रिपोर्ट दी है। हालांकि, अभी अस्थायी तौर पर भी सटीक संख्या की पुष्टि करना मुश्किल है, क्योंकि कुछ चोटों की गंभीरता के कारण किसी भी समय यह संख्या बढ़ सकती है।'
मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी
अधिकारियों ने बताया कि बचाव कार्य अभी जारी है। इसी तरह की एक घटना कौलीकोरो क्षेत्र के कंगाबा जिले के डांगा इलाके में हुई थी। 29 जनवरी को खनन स्थल पर सोने की खदान ढहने से लगभग 10 लोगों की मौत हो गई थी। कुछ दिनों पहले खबर आई कि माली की सेना की निगरानी में जा रहे वाहनों के काफिले पर बंदूकधारियों ने हमला कर दिया था। इस घटना में 25 नागरिक मारे गए। सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि मरने वालों में अधिकतर सोने की खदान में काम करने वाले खनिक थे। यह हमला देश के उत्तर-पूर्व में स्थित सबसे बड़े शहर गाओ से लगभग 30 किलोमीटर दूर हुआ, जहां सत्तारूढ़ जुंटा के विरोधी सशस्त्र समूह सक्रिय हैं। यह इस वर्ष नागरिकों पर किया गया सबसे घातक हमला था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।