Notification Icon
Hindi Newsविदेश न्यूज़Kamala Harris takes lead in fund raising in August Trump weakens

चुनाव से पहले हैरिस ने मारी बाजी- अगस्त में जुटाए 361 मिलियन डॉलर, ट्रंप से तीन गुणा ज्यादा

  • अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के नजदीक आने से अब यहां पर राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ गई है। इस बीच पिछले महीने कमला हैरिस ने फंड जुटाने के मामले में ट्रंप को काफी पीछे छोड़ दिया है।

Jagriti Kumari एएनआई, वॉशिंगटनSat, 7 Sep 2024 07:18 AM
share Share

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में फंड के मामले में हैरिस ट्रंप को पछाड़ते नजर आ रही हैं। अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के चुनावी अभियान ने अब तक 361 मिलियन अमरीकी डॉलर जुटा लिए हैं। कमला हैरिस ने ट्रंप से लगभग तीन गुना ज़्यादा रकम जुटाई है। सीएनएन के मुताबिक रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रंप इस दौरान 130 मिलियन अमरीकी डॉलर जुटा पाए हैं। कमला हैरिस के चुनावी अभियान से जुड़े लोगों ने शुक्रवार को घोषणा की कि हैरिस के पास अब चुनाव के दिन तक के अंतिम दो महीने के लिए 404 मिलियन अमरीकी डॉलर जमा हो गए हैं। वहीं ट्रंप के अभियान ने कहा था कि उनके बैंक खातों में 295 मिलियन अमरीकी डॉलर मौजूद है।

सीएनएन के मुताबिक यह इस बात को रेखांकित करता है कि हैरिस की उम्मीदवारी ने फंड डोनर्स में उत्साह जगाया है। गौरतलब है कि 361 मिलियन अमरीकी डॉलर इस कड़ी में किसी भी पार्टी द्वारा जुटाया गया सबसे अधिक फंड है। इस दर से हैरिस जुलाई के अंत में पार्टी के वास्तविक उम्मीदवार बनने से चुनाव के दिन तक 1 बिलियन अमरीकी डॉलर से अधिक जमा कर सकती हैं। राष्ट्रपति जो बाइडेन ने 21 जुलाई को अपने चुनावी रेस से बाहर होने की घोषणा कर दी थी। तब से लेकर वह 615 मिलियन अमरीकी डॉलर से अधिक जुटा चुकी हैं।

ट्रंप की गति धीमी

पिछले महीने की यह राशि हैरिस और डेमोक्रेट्स द्वारा जुलाई में जुटाए गए 310 मिलियन अमरीकी डॉलर से भी अधिक है। वहीं ट्रंप की टीम द्वारा घोषित अगस्त के आंकड़ों से पता चलता है कि उनकी फंड इकठ्ठा करने की गति धीमी हो गई है। पिछले महीने वह जुलाई में एकत्र किए गए 138.7 मिलियन अमरीकी डॉलर की तुलना में और कम फंड जुटा पाए।

'हैरिस का वीकेंड ऑफ एक्शन' 

हैरिस अभियान के अधिकारियों ने कहा कि वे फंड का इस्तेमाल वोटर्स तक पहुंचने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि आने वाले दिनों में 'वीकेंड ऑफ एक्शन' की शुरुआत करेंगे। इस दौरान 2,000 इवेंट का आयोजन होगा। वहीं 370 मिलियन अमरीकी डॉलर का डिजिटल और टीवी विज्ञापन अभियान भी चलाया जाएगा। हैरिस से जुड़े लोगों ने कहा कि उनके डेमोक्रेटिक पार्टी से 312 ज्यादा दफ्तर हैं और चुनावी राज्यों में पार्टी के साथ 2,000 से अधिक कर्मचारियों को नियुक्त किया है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें