चीन का एक मंत्री फिर लापता, जिसने बनाया तकनीकी महाशक्ति; उसी जिन झुआंगलोंग का नहीं अता-पता
झुआंगलोंग इस तरह लापता होने वाले चीन के चौथे मंत्री हैं। उनसे पहले रक्षा, कृषि और विदेश मामलों के मंत्री भी लापता हो चुके हैं। लंबे समय तक अनुपस्थिति के बाद इनसे पहले की तीनों मंत्रियों को भी पद से हटा दिया गया था।

पड़ोसी देश चीन में एक बार फिर एक मंत्री कई हफ्तों से लापता है। दो महीने तक कोई सुराग नहीं मिलने के बाद शी जिनपिंग ने अपने उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री जिन झुआंगलोंग को पद से हटा दिया है। झुआंगलोंग को आखिरी बार 27 दिसंबर, 2024 को सार्वजनिक तौर पर देखा गया था। उस समय उन्होंने राष्ट्रपति शी जिनपिंग के नए औद्योगिकरण नीति की प्रशंसा करने के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की थी। उन्हें देश में विमानन उद्योग को बढ़ावा देने के लिए जाना जाता है।
चीन को प्रौद्योगिकी महाशक्ति बनाने की भूमिका के लिए झुआंगलोंग को काफी सराहना मिल चुकी है। फाइनेंशियल टाइम्स की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि चीनी सरकार ने शुक्रवार शाम को घोषणा की कि झुआंगलोंग को उनके पद से हटा दिया गया है और उनकी जगह ली लेचेंग को नियुक्त किया गया है। हालांकि, सरकार की तरफ से कोई और जानकारी नहीं दी गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि लापता होने से पहले झुआंगलोंग ने कई बैठकें की थीं और कई प्रेस कॉन्फ्रेन्स में भी शिरकत की थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि वह चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग के साथ कई दौरे पर भी साथ थे।
झुआंगलोंग इस तरह लापता होने वाले चीन के चौथे मंत्री हैं। उनसे पहले रक्षा, कृषि और विदेश मामलों के मंत्री भी लापता हो चुके हैं। लंबे समय तक अनुपस्थिति के बाद इनसे पहले की तीनों मंत्रियों को भी पद से हटा दिया गया था। माना जाता है कि इन पर भ्रष्टाचार के आरोप रहे होंगे। इसलिए ये लंबे समय से लापता हैं। हालांकि, आधिकारिक रूप से अबतक कुछ भी नहीं कहा गया है। राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अपने तीसरे कार्यकाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त नीति अपनाई है।
2023 में भी शी जिनपिंग ने इन्हीं तरह के आरोपों के बीच विदेश मामलों के मंत्री किन गैंग की जगह दूसरे नेता की नियुक्ति की थी लेकिन अधिकारियों ने अभी तक उनकी बर्खास्तगी का कारण नहीं बताया है। नवनियुक्त तकनीक और उद्योग मंत्री ली पहले लियाओनिंग प्रांत के गवर्नर थे। पिछले महीने, वह चंद्र नववर्ष से पहले प्रांत के दौरे पर शी के साथ गए थे।
झुआंगलोंग के अचानक लापता होने से परिचित चार लोगों ने एफटी को बताया कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार विरोधी आरोपों के तहत जांच की जा सकती है। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने लगभग एक दशक पहले सत्ता में आने के बाद से ही सरकारी भ्रष्टाचार के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया है। आलोचकों का कहना है कि यह राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को खत्म करने का भी एक तरीका है। देश के भ्रष्टाचार विरोधी निगरानी संस्था ने पिछले वर्ष 889,000 अधिकारियों को गिरफ्तार किया था, जो पिछले वर्ष की तुलना में 46 फीसदी ज्यादा और एक दशक में सर्वाधिक है।
बता दें कि जिन झुआंगलोंग को सरकारी विमान निर्माता कंपनी कॉमैक के अध्यक्ष के रूप में काफी प्रसिद्धि मिली थी, जहाँ उन्होंने चीन के पहले घरेलू यात्री जेट C919 के निर्माण और विकास में अहम भूमिका निभाई थी। कॉमैक में अपनी सफलता के बाद झुआंगलोंग को चीन के केंद्रीय सैन्य-नागरिक संलयन कार्यालय के उप निदेशक के रूप में पदोन्नत किया गया था। फिर 2022 में भ्रष्टाचार विरोधी जांच में पूर्व मंत्री शियाओ याकिंग को हटाए जाने के बाद उन्हें उद्योग और सूचना तकनीक मंत्री के रूप में पदोन्नत किया गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।