Notification Icon
Hindi Newsगुजरात न्यूज़accident during ganesh immersion in gujarat patan four members of a family died due to drowning in river

गुजरात में गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, नदी में डूबने से परिवार के चार लोगों की मौत

  • कलेक्टर अरविंद विजयन ने बताया कि नदी में सात लोगों के बहने के बाद स्थानीय लोगों ने दो पुरुषों और एक महिला को तुरंत बचा लिया। लेकिन एक परिवार के चार सदस्य नदी में डूबने के बाद लापता हो गए।

Devesh Mishra लाइव हिन्दुस्तान, पाटन, पीटीआईThu, 12 Sep 2024 06:49 AM
share Share

गुजरात में भगवान गणेश की मूर्ति विसर्जन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। एक ही परिवार के चार लोग नदी में डूब गए। यह पाटन जिले की घटना है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम को मूर्ति विसर्जन के दौरान पाटन के पास सरस्वती नदी के पानी में सात लोग बह गए। इनमें एक महिला, उसके दो बेटे और भाई नदी में डूब गए।

15 गोताखोरों को बुलाया गया

कलेक्टर अरविंद विजयन ने बताया कि नदी में सात लोगों के बहने के बाद स्थानीय लोगों ने दो पुरुषों और एक महिला को तुरंत बचा लिया। लेकिन एक परिवार के चार सदस्य नदी में डूबने के बाद लापता हो गए। लापता व्यक्तियों के बारे में जानने के बाद, जिला अधिकारियों ने उनका पता लगाने के लिए पाटन, मेहसाणा और सिद्धपुर शहरों से 15 गोताखोरों को बुलाया।

रात में चला सर्च ऑपरेशन

कलेक्टर अरविंद विजयन ने आगे बताया कि रात में सर्च ऑपरेशन जारी रखने के लिए 15 ट्रैक्टर और अर्थमूवर्स के हेड लाइट्स का इस्तेमाल किया गया। गहन खोज और बचाव अभियान के बाद गुरुवार तड़के चार लापता लोगों के शव मिले। जानकारी के मुताबिक, मूर्ति विसर्जन के दौरान कुल सात लोग नदी में बहे थे। लेकिन वहां मौजूद लोग तीन लोगों की जान बचाने में कामयाब रहे। वहीं चार लोग डूब गए थे।

जानकारी के मुताबिक, नदी में डूबने से शीतल प्रजापति (37), उनके बेटे दक्ष (17) और जिमित (15) और उनके भाई नयन प्रजापति (30) की मौत हो गई। चारों पाटन शहर के वेराई चकला इलाके में रहते थे। चारों का शव गुरुवार सुबह नदी में मिला। 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें