जब केआरके को पीटने पहुंचे कपिल शर्मा, हनी सिंह ने नोचे थे बाल; मीका ने बताया कैसे बना पिटाई का प्लान
- केआरके सोशल मीडिया पर काफी कॉन्ट्रोवर्शियल बातें लिखते हैं। इस वजह से उन्हें कई सिलेब्स की नाराजगी झेलनी पड़ती है। अब मीका सिंह ने बताया कि कैसे उनको साथ लेकर लोग केआरके को मजा चखा चुके हैं।

केआरके यानी कमाल राशिद खान सोशल मीडिया पर सबके बारे में मन भरकर उल्टा-सीधा लिखते रहते हैं। सलमान खान से तो उनकी खास दुश्मनी है। उनकी हरकतों का शिकार हनी सिंह और कपिल शर्मा भी हो चुके हैं। मीका सिंह केआरके के पड़ोसी रहे हैं। उन्होंने बताया कि कैसे उनके साथ जाकर हनी सिंह ने केआरके के बाल नोचे थे और कपिल शर्मा ने भी उनके घर पर बवाल काटा था।
'केआरके है प्यारा इंसान'
लल्लन टॉप से बातचीत में मीका सिंह ने केआरके के बारे में बताया, 'वह मेरे बच्चे की तरह हैं। वह बहुत प्यारा इंसान है। एक समय पर वह मेरे स्टूडियो के बहुत पास रहते थे। मैं अक्सर उनके पास जाता था, कभी-कभी उन्हें बिना बताए ही मैं उनके घर चाय पर पहुंच जाता था। मैं उन्हें भाई बुलाता था। तो उन्हें पता था कि मैं एक पागल इंसान हूं। उनसे मेरी दोस्ती हो गई थी। वह सारे हीरो के बारे में उल्टी-सीधी बातें बोलते थे, कुछ लोग मुझे बुलाकर कहते, इसको समझा यार। तब मैं मीडिएटर बन जाता था।'
केआरके के नोचे बाल
मीका सिंह ने हनी सिंह और केआरके की मुलाकात के बारे में भी बताया। बोले, 'हनी सिंह को अब शायद याद नहीं होगा लेकिन केआरके ने हनी के बारे में कुछ बोला था। हनी परेशान था और बोला, 'पाजी ये ऐसा-ऐसा बोलता है। ' कपिल शर्मा, आयुष्मान खुराना भी केआरके से परेशान थे। तो मैंने हनी से कहा, हम उसके पास दुबई चलेंगे और बात करेंगे। हम ऐसे जताएंगे जैसे बहुत शराब पी रखी है। वह हमें गालियां देगा लेकिन तुम्हें उसके साथ जो करना है कर लेना। हम उसके साथ बहुत रूड थे। अगले दिन केआरके ने हमें बताया कि हमने उसके साथ बहुत खराब बर्ताव किया। मैंने उससे बोला कि हमें कुछ याद नहीं क्योंकि शराब पी रखी थी। शायद हमने उसके बाल नोचे थे।'
कपिल ने तोड़े शीशे
मीका ने बताया कि जब कपिल शर्मा केआरके से मिलने गए तब क्या हुआ था। मीका बोले, 'अब कपिल पाजी पर आते हैं। करीब 2012-13 की बात है। वह केआरके से काफी नाराज थे। जब उन्हें पता चला कि केआरके मेरा पड़ोसी है तो कपिल उन्हें पीटना चाहते थे। वह चाहते थे कि मैं उन्हें उस रात केआरके के घर लेकर जाऊं और वह उसे पीट लें। मैंने उनसे रिक्वेस्ट की कि ऐसा मत करो। फिर भी हम सुबह करीब 4-5 बजे गए। वह घर पर नहीं थे, उनका स्टाफ आया। कपिल ने घर के शीशे तोड़े और बहुत बवाल मचाया था।'
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।