Notification Icon
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Rohit Sharma enters Into the unwanted club of Sachin Tendulkar and Mohammad Azharuddin after Losing Sri Lanka ODI Series

रोहित शर्मा ने की सचिन-अजहर के अनचाहे क्लब में एंट्री, श्रीलंका ने 31 साल में तीसरी बार भारत को दिया ये झटका

Captain Rohit Sharma Unwanted Record: रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज गंवा दी। रोहित ने एक अनचाहे क्लब में एंट्री की है, जिसमें सचिन तेंदुलकर और अजहर भी हैं।

Md.Akram लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीThu, 8 Aug 2024 01:47 AM
share Share

रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में हार का मुंह देखना पड़ा है। भारत ने 27 साल बाद श्रीलंका के हाथों वनडे सीरीज गंवाई है। श्रीलंका ने बुधवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में आखिरी मैच 110 से अपने नाम किया। मेजबान श्रीलंका ने दूसरे वनडे में भारत को 32 रन से मात दी थी। वहीं, पहला मुकाबला टाई हो गया था। श्रीलंका के 2-0 से सीरीज जीतने के बाद रोहित ने एक अनचाहे क्लब में एंट्री कर ली है। इस क्लब में रोहित से पहले महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन हैं।

दरअसल, रोहित श्रीलंका के विरुद्ध वनडे सीरीज हारने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं। श्रीलंका ने पिछले 31 सालों में भारत से सिर्फ तीन वनडे सीरीज जीती हैं। भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पहली सीरीज 1993 में गंवाई थी। तब अजहरुद्दीन भारत के कप्तान थे। श्रीलंका ने अपने घर पर तीन मैचों की यह सीरीज 2-1 से जीती थी। भारत को केवल पहले वनडे में विजय नसीब हुई थी। उसके बाद श्रीलंका ने 1997 में सीरीज पर कब्जा जमाया। उस वक्त भारत की बागडोर सचिन के पास थी। भारत तीनों वनडे मैच हार गया था। दिलचस्प बात यह है कि श्रीलंका ने तीनों सीरीज घर में जीतीं।

श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज हारने वाले भारतीय कप्तान

1993 - मोहम्मद अजहरुद्दीन

1997 - सचिन तेंदुलकर

2024 - रोहित शर्मा

मैच की बात करें तो श्रीलंका ने टॉस जीतकर 248/7 का स्कोर खड़ा किया। अविष्का फर्नांडो ने 102 गेंदों में 96 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और दो सिक्स शामिल हैं। पथुम निसांका ने 45 और कुसल मेंडिस ने 59 रन का योगदान दिया। जवाब में टीम इंडिया महज 26.1 ओवर में 138 रन पर ऑलआउट हो गई। रोहित ने भारत की ओर से सबसे ज्यादा 35 रन बनाए। वॉशिगंटन सुंदर ने 30 और विराट कोहली ने 20 रन जुटाए। भारत ने 73 रन जोड़कर पांच विकेट गंवा दिए थे। श्रीलंका के लिए दुनिथ वेलालागे के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की। उन्होंने 5.1 ओवर में 27 रन देकर 5 विकेट हासिल किए।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें