CSK, MI, KKR को उनके ही घर में दी पटखनी, इस बार आरसीबी तो कमाल कर रही
चेन्नई को 17 साल बाद चेन्नई में ही हराना, मुंबई को 10 साल बाद मुंबई में ही पटखनी और कोलकाता नाइट राइडर्स को 3 साल बाद कोलकाता में ही शिकस्त। आईपीएल 2025 में आरसीबी कमाल कर रही है। वह 4 मैच में से 3 जीत चुकी है और 6 अंकों के साथ पॉइंट टेबल में तीसरे पायदान पर है। आरसीबी ने सोमवार को मुंबई को हराया।

आईपीएल के मौजूदा सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम एक नए ही रूप में दिख रही है। रजत पाटीदार की कप्तानी और एंडी फ्लॉवर की कोचिंग में ये टीम जिस अंदाज में खेल रही है, वो वाकई लाजवाब है। सोमवार को उसने 10 साल बाद मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस को शिकस्त दी। उस मुंबई इंडियंस को जो 5 बार की आईपीएल चैंपियन है। सीजन के अपने पहले ही मैच में डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स को उनके ही घर ईडन गार्डंस में मात दी। चेन्नई सुपर किंग्स को चेन्नई में 17 साल बाद पटखनी दी। मौजूदा सीजन में अबतक 4 मैचों में 3 में जीत हासिल कर चुकी है। वह 6 अंकों के साथ पॉइंट टेबल में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बाद तीसरे नंबर पर है।
आरसीबी के लिए ये सीजन अबतक कितना शानदार चल रहा है, उसका अंदाजा उसी से लगा सकते हैं कि वह टूर्नामेंट के इतिहास की पहली ऐसी टीम बन गई है जिसने किसी सीजन में चेन्नई, मुंबई और कोलकाता को उनके ही होमग्राउंड पर पटखनी दी है। चेन्नई और मुंबई 5-5 बार चैंपियन रही हैं। कोलकाता डिफेंडिंग चैंपियन है और वो भी अबतक 3 बार आईपीएल ट्रॉफी पर कब्जा कर चुकी है। वैसे, पंजाब भी 2012 में CSK, MI और KKR को उनके ही घर में हरा चुकी है लेकिन तब टीम का नाम पंजाब किंग्स नहीं, बल्कि किंग्स इलेवन पंजाब था।
आरसीबी ने सोमवार को मुंबई को 10 साल बाद उसी के घर में धोया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 221 रन बनाए। विराट कोहली (67), कप्तान रजत पाटीदार (64), जीतेश शर्मा (40) और देवदत्त पड्डीकल (37) ने शानदार पारियां खेली। जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 209 रन ही बना सकी। इस तरह आरसीबी ने मैच को 12 रनों से अपने नाम किया।
आरसीबी ने 22 मार्च को अपना पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेला था। कोलकाता के ईडन गार्डंस में खेले गए उस मैच में उसने केकेआर को 7 विकेट से शिकस्त दी थी। इस तरह आरसीबी ने कोलकाता को कोलकाता में 3 साल बाद हराया।
आरसीबी का दूसरा मुकाबला 28 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स से हुआ था। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए उस मैच में आरसीबी ने सीएसके को 50 रनों से हराया। चेन्नई में चेन्नई के खिलाफ आरसीबी ने 17 साल बाद जीत दर्ज की थी।
आरसीबी का तीसरा मुकाबला 2 अप्रैल को अपने होमग्राउंड बेंगलुरु में गुजरात टाइटंस के खिलाफ था। इसमें उसे 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इस सीजन में यह उसकी अबतक की पहली और इकलौती हार है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।