IPL 2025 Points Table में राजस्थान रॉयल्स को हुआ फायदा, गुजरात टाइटन्स टॉप 2 से बाहर; अब ये टीमें हैं शिखर पर
IPL 2025 Points Table: राजस्थान रॉयल्स ने बड़ी जीत दर्ज करके एक स्थान का फायदा पॉइंट्स टेबल में पाया है, जबकि गुजरात टाइटन्स को मिली हार से घाटा हुआ है। गुजरात की टीम इस समय टॉप 2 से बाहर हो चुकी है।

IPL 2025 Points Table: इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के 18वें सीजन का 47वां लीग मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच खेला गया। एक समय पर लग रहा था कि राजस्थान की टीम जैसा प्रदर्शन करती आई है, वैसा ही इस मैच में भी करेगी, क्योंकि जब उन्होंने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी तो उनकी फील्डिंग और गेंदबाजी दोयम दर्जे की थी। पहले 10 ओवर में राजस्थान को अपने होम ग्राउंड पर एक विकेट तक नहीं मिला था। गुजरात ने 209 रन 4 विकेट खोकर बनाए। इससे लगा कि ये स्कोर शायद ही राजस्थान से चेज होगा, लेकिन आरआर की टीम ने महज 15.5 ओवर में वैभव सूर्यवंशी के तूफानी शतक के दम पर 2 विकेट खोकर इस लक्ष्य को हासिल कर लिया। इस जीत का फायदा राजस्थान रॉयल्स को पॉइंट्स टेबल में मिला है। वहीं, गुजरात टाइटन्स टॉप 2 से बाहर हो गई है।
राजस्थान रॉयल्स को मिली इस शानदार जीत से गुजरात टाइटन्स को घाटा हुआ है। गुजरात की टीम अभी तक टॉप 2 में चल रही थी, लेकिन अब टॉप 2 से बाहर हो चुकी है और नंबर तीन पर आ गई है। पॉइंट्स टेबल के शिखर पर इस समय आरसीबी है, जिसके खाते में 14 अंक हैं। 12 अंक और बेहतर नेट रन रेट के साथ मुंबई इंडियंस इस समय दूसरे स्थान पर है। गुजरात टाइटन्स 12 अंकों के साथ अब तीसरे स्थान पर आ गई है। चौथे नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स है। दिल्ली के खाते में भी 12 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट एमआई और जीटी से खराब है।
आईपीएल 2025 की पॉइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर पंजाब किंग्स है, जिसके खाते में 11 अंक हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स 10 में से 5 मैच जीतकर 10 अंकों के साथ छठे नंबर पर है। सातवें नंबर पर कोलकाता नाइट राइडर्स है, जिसके खाते में 7 अंक हैं। वहीं, राजस्थान रॉयल्स को जीटी के खिलाफ मिली धमाकेदार जीत का फायदा हुआ है और टीम 9वें से 8वें स्थान पर पहुंच गई है। आरआर के खाते में 6 अंक हैं। इतने ही अंक एसआरएच के खाते में हैं, जो नौवें नंबर पर है, लेकिन नेट रन रेट बेहतर नहीं है। चेन्नई सुपर किंग्स 4 अंकों के साथ सबसे आखिरी स्थान पर है।
IPL 2025 Points Table Latest
टीम | मैच खेले | मैच जीते | मैच हारे | बेनतीजा | अंक | नेट रन रेट |
---|---|---|---|---|---|---|
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु | 10 | 7 | 3 | 0 | 14 | +0.521 |
मुंबई इंडियंस | 10 | 6 | 4 | 0 | 12 | +0.889 |
गुजरात टाइटंस | 9 | 6 | 3 | 0 | 12 | +0.748 |
दिल्ली कैपिटल्स | 9 | 6 | 3 | 0 | 12 | +0.482 |
पंजाब किंग्स | 9 | 5 | 3 | 1 | 11 | +0.177 |
लखनऊ सुपर जायंट्स | 10 | 5 | 5 | 0 | 10 | -0.325 |
कोलकाता नाइट राइडर्स | 9 | 3 | 5 | 1 | 7 | +0.212 |
राजस्थान रॉयल्स | 10 | 3 | 7 | 0 | 6 | -0.349 |
सनराइजर्स हैदराबाद | 9 | 3 | 6 | 0 | 6 | -1.103 |
चेन्नई सुपर किंग्स | 9 | 2 | 7 | 0 | 4 | -1.302 |
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।