UPSC Topper Success Story: यूपीएससी के लिए छोड़ी जॉब, रैंक 3 लाकर डोंगरे अर्चित पराग ने लहराया सफलता का परचम
- UPSC Success Story: महाराष्ट्र के पुणे के डोंगरे अर्चित पराग ने ऑल इंडिया रैंक 3 लाकर अपने शहर का नाम रोशन किया है। सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी को अच्छे से करने के लिए उन्होंने अपनी जॉब छोड़ दी थी।

UPSC Rank 3 Dongre Archit Parag Success Story: यूपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा 2024 का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। महाराष्ट्र के पुणे के डोंगरे अर्चित पराग ने ऑल इंडिया रैंक 3 लाकर अपने शहर का नाम रोशन किया है। टॉप 3 में डोंगरे अर्चित पराग एकमात्र पुरुष अभ्यर्थी हैं। रैंक 1 और रैंक 2 पर लड़कियों ने स्थान पाया है।
डोंगरे अर्चित पराग ने अपनी स्कूली शिक्षा मुंबई से प्राप्त की है और अपनी जूनियर कॉलेज एजुकेशन पुणे में रहकर पूरी की है। उन्होंने वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (VIT) से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक की डिग्री प्राप्त की है। ग्रेजुएशन पूरी होने के बाद उन्होंने करीब एक साल तक आईटी कपंनी में काम किया था। लेकिन कुछ समय बाद सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी को अच्छे से करने के लिए उन्होंने अपनी जॉब छोड़ दी थी।
आपको बता दें कि इस वर्ष डोंगरे अर्चित पराग का यूपीएससी का पहला प्रयास नहीं था। इससे पहले यूपीएससी 2023 परीक्षा में उन्हें 153वीं रैंक हासिल हुई थी। लेकिन उनके निरंतर प्रयासों और दृढ़ संकल्प ने उन्हें 2024 में अपनी रैंक में काफी सुधार करने में मदद की, जिससे वे देश के टॉप तीन में शामिल हो गए हैं।
"जिन खोजा तिन पाइया, गहरे पानी पैठ, मैं बपुरा बूडन डरा, रहा किनारे बैठ।"
संत कबीर के इस दोहे का अर्थ है कि जो व्यक्ति मेहनत करता है उसे सफलता मिल ही जाती है लेकिन जो व्यक्ति पानी में डूबने के डर से पानी में डुबकी न लगाकर किनारे पर ही बैठा रहता है, उसे कुछ प्राप्त नहीं होता है। डोंगरे अर्चित पराग ने कबीर जी के दोहे को सच कर दिखाया है कि प्रयास करने से सफलता जरूर मिलती है।
यूपीएससी ने आज 22 अप्रैल 2025 को सिविल सर्विस फाइनल रिजल्ट 2024 को जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अपना UPSC CSE Result आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर देख सकते हैं। इस वर्ष शक्ति दुबे ने टॉप किया है। दूसरा स्थान हर्षिता गोयल ने हासिल किया है। तीसरे स्थान पर डोंगरे पराग रहे हैं। इस वर्ष यूपीएससी ने कुल 1009 अभ्यर्थियों का विभिन्न सेवाओं के लिए चयन किया है। जिसमें 335 जनरल कैटेगरी, 109 ईडब्ल्यूएस, 318 ओबीसी, 160 एससी और 87 एसटी कैटेगरी के उम्मीदवार शामिल हैं l