Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़teenage girl trapped in clutches of brokers in Bihar sold to minor twice One made deal posing as brother

बिहार में दलालों के चंगुल में फंसी किशोरी, नाबालिग को 2 बार बेचा; एक ने तो भाई बनकर किया सौदा

बिहार के जहानाबाद जिले के टेहटा ओपी की पुलिस ने एक महीने से लापता और कोचिंग में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा को बरामद करने में सफलता हासिल किया है। किशोरी का दो बार सौदा किया गया।

Malay Ojha हिन्दुस्तान, जहानाबादTue, 5 Dec 2023 05:31 PM
share Share

बिहार के जहानाबाद जिले के टेहटा ओपी की पुलिस ने एक महीने से लापता और कोचिंग में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा को बरामद करने में सफलता हासिल किया है। किशोरी का दो बार सौदा किया गया। एक दलाल ने तो खुद को भाई बताकर किशोरी को बेच दिया। पुलिस ने ओपी क्षेत्र के निवासी किशोरी (14 वर्ष) को मध्य प्रदेश के मंदसौर जिला अंतर्गत सुबासरा थाना के देवपुरा नागर गांव से बरामद किया गया है। किशोरी तीन नवंबर से गायब थी। वह कोचिंग में पढ़ने जाने के लिए अपने गांव से जहानाबाद के लिए निकली थी। उसके बाद से वह घर नहीं लौटी थी। इस संबंध में उसके पिता के द्वारा ओपी में मामला दर्ज कराया गया था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुट गई। मोबाइल लोकेशन से जांच के बाद पुलिस तह तक पहुंचने में कामयाब हुई। 

पुलिस के अनुसार किशोरी को सबसे पहले एक लड़के ने बहला फुसलाकर जहानाबाद लाया, जिसे वह पहले से जानती थी। जहानाबाद में दोनों में झगड़ा हो गया। इसके बाद किशोरी रो रही थी और घर जाने पर परिजनों के द्वारा मारपीट से डर रही थी। उसका साथी युवक उसे छोड़कर वहां से भाग गया। बताया गया है कि कुर्था (अरवल) के धरमपुर का रहने वाला संतोष पासवान ने किशोरी को बहलाकर गया ले आया। संतोष ने किशोरी को गुप्त रूप से 30 हजार रुपए में गया जिले रहने वाले मनोज नाम के युवक से बेच दिया था। किशोरी को लेकर मनोज एक अन्य महिला के साथ मध्य प्रदेश के मंदसौर पहुंचा, जहां उसने राजस्थान के मूल निवासी मदन नाम के एक युवक के साथ किशोरी का सौदा कर दिया। 

उस वक्त मदन को दलालों ने बताया था कि वह उसकी बहन है और वे लोग काफी गरीब हैं। इसके लालन-पालन और पढ़ाई लिखाई में असमर्थ हैं। इसके बाद मदन से किशोरी की शादी करा दी गई। मदन ने पुलिस को बताया कि वह नहीं जानता कि इसे बहला कर लाया गया है। शादी के बदले में उसने डेढ़ लाख रुपया भी दिया था। इस मामले में पुलिस ने सबसे पहले पकड़े गए संतोष पासवान समेत दो आरोपितों को पकड़ा है। इस संबंध में ओपी प्रभारी राकेश कुमार पप्पू ने बताया कि अन्य की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है। इधर मध्य प्रदेश से बरामद कर लाई गई उक्त लड़की का कोर्ट में बयान कलम बंद कराने एवं मेडिकल जांच करने की दिशा में मंगलवार को आगे कानूनी कार्रवाई की जा रही थी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें