Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़Joy of Jitiya festival turned into mourning 12 died while bathing in Bihar 5 girls were swept away in Son river

मातम में बदली जितिया पर्व की खुशियां, बिहार में स्नान के दौरान 22 की मौत, सोन नदी में बह गईं 5 लड़कियां

जितिया पर्व पर बिहार में स्नान के दौरान 22 लोगों की मौत हो गई। ये घटनाएं अलग-अलग जिलों की है। आरा में नहाने के दौरान 5 लड़कियां सोन नदी में बह गई। वहीं जहानाबाद में 4, पालीगंज में 3 की मौत हो गई।

Sandeep हिन्दुस्तान टीम, पटनाSun, 8 Oct 2023 07:30 AM
share Share

बिहार में जितिया पर्व पर कई घरों में मातम पसर गया। स्नान के दौरान बिहार के अलग-अलग जिलों में नदी में डूबने से 22 लोगों की मौत हो गई। सबसे भयावह घटना आरा को भोजपुर में घटी। जब सोन नदी में नहाने के दौरान 5 लड़कियां बह गई। जिनकी तलाश जारी है। वहीं जहानाबाद में 2 किशोर समेत 4 लोग नदी में डूब गए। वहीं पटना का पालीगंज में सोन नदी में डूबने से 3 की मौत हो गई। जितिया त्यौहार पर भोजपुर में शनिवार को सोन नदी में नहाने के दौरान पांच लड़कियां डूब गयीं। इनमें तीन किशोरियां व दो युवतियां शामिल हैं।

हादसा चांदी के बहियारा और खनगांव के बीच स्थित पथलवा घाट पर शाम में हुआ। सोन नदी का बहाव तेज होने के कारण सर्च अभियान चलाने में परेशानी हो रही है। जितिया व्रत को लेकर महिलाएं नहाने के लिए पथलवा घाट गयी थीं। वहीं लोगों का कहना है कि नदी की धार को बांध कर पोकलेन मशीन से बालू निकालने के कारण सोन का तल गहरा व गड्ढेनुमा हो गया है। इस कारण ही सभी पांचों सोन में डूब गयीं।

वहीं पटना के महाबलीपुर सोन तट पर जीतिया नहाने गए तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के परियो गांव निवासी जामुन साव के बेटे 25 वर्षीय कुश कुमार, सत्येंद्र प्रसाद के बेटे 16 वर्षीय आनंद कुमार और महाबलीपुर निवासी लवकुश कुमार के बेटे 12 वर्षीय सागर कुमार के रूप में हुई है। घटना शनिवार शाम करीब पांच बजे की है। जीतिया के मौके पर महाबलीपुर सोन तट पर स्नान व अर्घ्य देने लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ी थी। महिलाएं अपने साथ बच्चों को भी साथ लाई थीं। स्नान के दौरान ही यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही महाबलीपुर के लोग परिजनों के साथ नदी में उतर गए और एक के बाद एक तीन शवों को नदी से बाहर निकाला गया। एक युवक सहित दो बच्चे का शव निकलने के बाद सोन नदी तट पर चीख पुकार मच गई। सभी श्रद्धालु अपने बच्चों को ढूंढने के लिए इधर उधर भागने लगे। 

वहीं जहानाबाद जिले के अलग-अलग इलाकों में भी जितिया पर्व पर नहर और पईन में डूबने से दो किशोर सहित चार बच्चों की मौत हो गई। दो बच्चे शुक्रवार की शाम में ही डूब गए जिनका शव शनिवार को पानी से निकाला गया। मखदुमपुर में दो जगहों पर घटना घटी। पहली घटना टेहटा के कलानौर की है, जहां नहर में डूबने से नवलेश (13) की मौत हो गई।

दूसरी घटना विशुनगंज ओपी के जमगंज के पास हुई, जहां पईन में डूबने से स्नेहा (6) की मौत हो गई। वह नहर की सीढ़ी पर स्नान कर रही थी। तभी पैर फिसल जाने के कारण गहरे पानी में चली गई। घोसी के ओकरी ओपी अंतर्गत मंडई बियर में शनिवार की दोपहर डूबने से बच्चे (5) की मौत हो गई। मठिया गांव के पास गंगहर पईन में डूबने से एक किशोर की मौत हो गयी है। शनिवार की सुबह कलभट के पास फंसा हुआ उसका शव मिला।

नीतीश कुमार ने जताया शोक

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में पिछले 24 घंटे में डूबने से 22 लोगों की हुई मौत पर दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपए अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश सम्बंधित पदाधिकारियों को दिया है। भोजपुरी में पांच, जहानाबाद में चार, पटना में तीन, रोहतास में तीन, दरभंगा में दो, नवादा में दो, मधेपुरा कैमूर और औरंगाबाद में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें