दुष्कर्म के आराेपी को बचा रही है पुलिस: पूर्व मंत्री
समस्तीपुर में विकासशील इंसान पार्टी के संस्थापक मुकेश सहनी ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने एसपी पर आरोप लगाया कि वह अपराधियों को...

समस्तीपुर, निप्र। विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) के संस्थापक और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस कर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि एसपी अपराधियों को संरक्षित कर रहे हैं और पीड़ित बच्ची व उसके परिवार को न्याय नहीं दिला रहे है। सहनी ने बताया कि एसपी ने उनका फोन तक नहीं उठाया। पूर्व मंत्री ने कहा कि एसपी सूबे के मंत्री का भी फोन नहीं उठाते हैं। इसकी शिकायत उन्होंने डीआईजी से की पर कोई कारवाई नहीं की गयी। उन्होंने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को 15 दिनों का समय दिया है।
गिरफ्तारी नहीं होने पर 16वें दिन वह थाना और एसपी कार्यालय घेरने की चेतावनी दी। सहनी ने एसपी पर आरोप लगाया कि आरोपी को बचाने के लिए उन्होंने पैसे लिये हैं। वीआईपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने मामले में एसपी की कार्यप्रणाली को अनुचित बताया। वीआईपी ने कहा है कि अगर पूर्व मंत्री को सुरक्षा चाहिए होती तो वह एसपी से नहीं, डीजीपी से मांगते। खानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। पीड़िता की मां ने महिला कई लोगों पर नामजद एफआईआर दर्ज करायी थी। इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर पूर्व मंत्री आरोप लगा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। कांड के अनुसंधान में कोई विधि विरुद्ध रोक पुलिस कार्यालय से नहीं लगाई जाती है। अनुसंधानकर्ता साक्ष्य के अनुसार गिरफ्तारी के लिये सक्षम होते हैं। जिस मामले की बात पूर्व मंत्री कर रहे हैं उसमें प्राथमिकी दर्ज कर उसकी जांच की जा रही है। मेरे द्वारा इस विषय पर अब तक उन्हें कोई जवाब नहीं दिया गया है। सुरक्षा मांगने और नहीं देने की बात उनकी पार्टी कहां से और किस आधार पर कर रही हैं, जानकारी नहीं है। -अशोक मिश्रा, एसपी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।