हमारे बिना बिहार में किसी की सरकार नहीं बनेगी, पशुपति पारस ने भरी हुंकार
आरएलजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति पारस ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी के बिना बिहार में किसी की सरकार नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार से जनता ऊब चुकी है, 2025 में 2004 की तरह लोजपा सत्ता परिवर्तन करेगी।

राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस ने दावा किया है कि उनके बिना बिहार में किसी की सरकार नहीं बनेगी। पारस ने वैशाली जिले के लालगंज में मंगलवार को आरएलजेपी के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी जमकर निशाना साधा। पारस ने कहा कि बिहार की कमान जिन नीतीश कुमार के हाथों में है, वे अब प्रदेश को चलाने लायक नहीं रह गए हैं। पांच आईपीएस ऑफिसर बिहार चला रहे है।
पशुपति पारस ने आगे कहा कि नीतीश 20 साल से लगातार बिहार के मुख्यमंत्री हैं। जनता उनसे उसी तरह ऊब चुकी है, जिस प्रकार एक ही तरह की नमकीन या मीठा खाने से किसी का मन ऊब जाता है। उन्होंने कहा कि बगिया का अच्छा माली वही होता है, जो सब फूलों की रक्षा करें। मगर 20 साल के नीतीश के शासन में बिहार में गरीब, दलितों पर अत्याचार बढ़ा। न कहीं कोई उद्योग लगा और न ही बेरोजगारी दूर हुई और न ही कानून व्यवस्था में सुधार हुआ।
पारस ने कहा कि 2004 में लोक जन शकि पार्टी ने ही सत्ता परिवर्तन किया था। इस बार फिर जनता सत्ता परिवर्तन के लिए तैयार है। 2025 में राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी सत्ता परिवर्तन करेगी। बिना हमारी पार्टी के किसी की सरकार नहीं बनेगी। उन्होंने कहा हाजीपुर लोकसभा सीट पर 2029 में लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए कहा कि यहां की जनता मेरी मां है, जिसने दिवंगत रामविलास पासवान को दो-दो बार रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड में उनका नाम दर्ज करवाने का काम किया।
रालोजपा प्रमुख ने कहा कि 2019 में रामविलास पासवान के कहने पर उन्होंने लोकसभा का चुनाव लड़ा था। हाजीपुर की जनता ने उन्हें सांसद और केंद्रीय मंत्री बनाया। उनका दरवाजा इन पांच वर्षों में या अभी भी हाजीपुर की जनता के लिए हमेशा खुला रहता है। वह जब तक हैं, सेवक बनकर सेवा करते रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि अपने सफेद कपड़े पर कभी दाग नहीं लगने देंगे।