हम साथ नहीं रहते तो 2020 में नीतीश की सरकार नहीं बनती, अब तेजस्वी यादव CM बनेंगे: मुकेश सहनी
- विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी ने दावा किया है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले एनडीए गठबंधन में लाने के लिए भाजपा ने उन्हें वाई प्लस की सुरक्षा दी थी ताकि वो खुश हो जाएं।

विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के नेता और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने कहा है कि अगर 2020 के विधानसभा चुनाव में वो साथ नहीं रहते तो नीतीश कुमार की सरकार नहीं बन पाती। सहनी ने कहा है कि अब तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन की सरकार बनेगी और उनकी पार्टी का डिप्टी सीएम होगा। मुकेश सहनी 2018 में पार्टी बनाने के बाद दोनों लोकसभा चुनाव महागठबंधन के साथ लड़े हैं और दोनों बार एक भी सीट नहीं निकाल सके। सहनी 2020 का विधानसभा चुनाव राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ लड़े थे, जब महागठबंधन में सीट बंटवारे की घोषणा के दौरान वो बाहर निकल गए थे और तेजस्वी पर पीठ में छुरा घोंपने तक का आरोप लगाया था।
बिहार में इंडिया गठबंधन यानी महागठबंधन की विधानसभा चुनाव को लेकर बैठक से पहले कई इंटरव्यू दे चुके मुकेश सहनी ने मीडिया से कहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले उनको खुश करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सरकार ने वाई प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दी थी। गठबंधन में कई सीट ऑफर की गई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा उनकी पार्टी को कमजोर करने के लिए तरह-तरह की रणनीति बना रही है। सहनी ने कहा कि वो मजबूती से संघर्ष करना चाहते हैं नहीं तो 2019 और 2024 में सत्ता के साथ रहते।
बिहार चुनाव पर महागठबंधन की बैठक, पशुपति पारस को न्योता का इंतजार
उन्होंने कहा कि निषाद समाज को आरक्षण के एजेंडा पर वो कोई समझौता नहीं करेंगे। 2024 में जब भाजपा ने ऑफर दिया लेकिन इस पर चर्चा नहीं की तब उन्होंने फैसला कि वो भाजपा के साथ नहीं रहेंगे। गंगाजल हाथ में लेकर निषाद समाज को आरक्षण दिलाने का संकल्प लिए हैं। मकसद सिर्फ सांसद या केंद्र में मंत्री बनना होता तो भाजपा के साथ रहते। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 का जिक्र करते हुए सहनी ने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार में रहते हुए भी उनकी पार्टी यूपी में 50 सीटों पर भाजपा के खिलाफ लड़ी। वीआईपी सुप्रीमो ने कहा कि उनको अंजाम पता था, सरकार से निकालेंगे, पार्टी तोड़ेंगे, भाजपा ने वही सब किया।
60 सीट से दो-चार सीट कम होगा तो भी इंडिया गठबंधन के साथ रहेंगे
बिहार में तेजस्वी यादव की सीएम पद पर दावेदारी और महागठबंधन की तरफ से नाम के ऐलान को चुनाव बाद टालने के कांग्रेस के रुख को लेकर मुकेश सहनी ने कहा कि क्षेत्रीय दलों में फैसले जल्दी हो जाते हैं। कांग्रेस बड़ी पार्टी है, वो समय ले रही है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव सीएम चेहरा हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे। सहनी ने सवाल किया कि कोई दूसरा चेहरा है क्या महागठबंधन में बिहार में, कोई है तो सोचा जाएगा।
महागठबंधन से अलग होने के बाद मुकेश सहनी ने कहा, RJD ने हमारी पीठ में छुरा घोंपा
सीटों की मांग पर मुकेश सहनी ने कहा कि उनकी पार्टी वीआईपी ने तय किया है कि 60 सीट लड़ें ताकि ज्यादा से ज्यादा विधायक हमारे बनें। ये पार्टी का लक्ष्य है, लेकिन जब गठबंधन में बैठेंगे तो छह दल आपस में सहमति से 243 सीट में थोड़ा कम-ज्यादा करके लड़ लेंगे। 60 सीट से कम में दूसरे गठबंधन में जाने के सवाल पर सहनी ने कहा कि दो-चार सीट कम होगा तो कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है, इंडिया गठबंधन के साथ रहेंगे।