दूसरी जाति की लड़की से लव मैरिज पर मिली थी धमकी, अब पति की डेड बॉडी मिली; प्रेमिका के घर वालों पर संगीन इल्जाम
- बिपिन ने पिपलावा थाना क्षेत्र के एक गांव की दूसरी जाति की लड़की से प्रेम विवाह किया था। इससे नाराज लड़की के परिवार वालों ने उसे धमकी भी दी थी। जिसके बाद युवक ने गांव जाना छोड़ दिया था।

राजधानी पटना के बेऊर थाना क्षेत्र से लापता युवक की शनिवार की दोपहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। नौबतपुर के पिपलावा थाना क्षेत्र के बकुआं गांव के पास नदी किनारे उसका शव बरामद हुआ। उसकी पहचान बिपिन कुमार उर्फ टीपन मिस्री के रूप में हुई है। वह बढ़ई मिस्त्री का काम करता था। प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिजनों ने घर बुलाकर प्रेमिका के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटनास्थल से दो खोखे बरामद हुए हैं।
फुलवारीशरीफ डीएसपी-1 सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस सभी कोणों से मामले की छानबीन कर रही है। घटनास्थल से महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जिसके आधार पर हत्यारों की तलाश की जा रही है। मूल रूप से पिपलावा थाना क्षेत्र निवासी बिपिन कुमार बीते छह माह से बेउर के हरनीचक में रह रहा था। वह घर से 30 जनवरी को काम पर निकला था। दोपहर में उसकी परिवार वाले से बात हुई थी। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार वालों ने उसकी खोजबीन शुरू की थी।
कोई अता-पता नहीं चलने पर इस संबंध में बेऊर थाना में 31 जनवरी को गुमशुदगी का केस दर्ज किया गया था। बिपिन ने पिपलावा थाना क्षेत्र के एक गांव की दूसरी जाति की लड़की से प्रेम विवाह किया था। इससे नाराज लड़की के परिवार वालों ने उसे धमकी भी दी थी। जिसके बाद युवक ने गांव जाना छोड़ दिया था। बढ़ई मिस्त्री के परिवार वाले ने बताया की 30 जनवरी की दोपहर फोन करने पर करने पर उसने पिपलावा गांव में होने की बात कही थी। इसके बाद उन्हें बिपिन की हत्या की खबर मिली।