कर्पूरी जयंती पर समस्तीपुर में आज बड़ा आयोजन; धनखड़, शिवराज, नीतीश भी पहुंचेंगे
समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम में शुक्रवार को जननायक भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर की 101 वीं जयंती पर बड़ा आयोजन है, जिसमें बिहार समेत देशभर के नेता शिरकत करेंगे।

भारत रत्न एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर की 101वीं जयंती पर शुक्रवार को समस्तीपुर जिले में भव्य आयोजन है। कर्पूरीग्राम में होने वाले कार्यक्रम में इस साल मुख्य अतिथि के रूप में उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शिरकत करेंगे। इसके अलावा राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई नेता जुटेंगे। इसके मद्देनजर कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के इलाके में जिला प्रशासन ने सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की है।
कर्पूरीग्राम में प्रवेश करने के रास्तों के अलावा गांव में भी सड़कों पर जगह जगह बैरिकेडिंग करने के साथ दंडाधिकारी व पुलिस के वरीय पदाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस के जवानों की तैनाती कर दी गई है। प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर भी लगाए गए हैं। जननायक को श्रद्धांजलि देने के लिए बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, केन्द्रीय कृषि व किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश, केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, केन्द्रीय कृषि व किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, समस्तीपुर सांसद शांभवी चौधरी के अलावा बिहार सरकार के कई मंत्री, विधायक आदि समारोह में शामिल होंगे।
मुख्य कार्यक्रम गोखुल कर्पूरी फुलेश्वरी महाविद्यालय के मैदान में 11 बजे से शुरू होगा। इसके पूर्व जननायक के स्मृति भवन में माल्यार्पण का कार्यक्रम होगा, जिसमें सुबह आठ बजे से ही माल्यार्पण का कार्यक्रम शुरू होगा। यहां सर्व धर्म प्रार्थना सभा भी होगी। इसके बाद कॉलेज परिसर स्थित त्रिमूर्ति भवन और कर्पूरी प्रभावती रामदुलारी उच्च विद्यालय के प्रांगण स्थित जजननायक की प्रतिमा पर अतिथि माल्यार्पण करेंगे। उसके बाद कॉलेज के मैदान में कर्पूरी चर्चा में अतिथिगण विचार व्यक्त करेंगे।
केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर अतिथियों का स्वागत करेंगे। कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोकगगायिका मैथिली ठाकुर भजन प्रस्तुत करेंगी जबकि प्रसिद्ध पार्श्व गायिका उर्वशी का गायन होगा। वहीं सांसद व सुप्रसिद्ध गायक मनोज तिवारी गीतकार डॉ. सागर रचित व संगीतकार विपिन पटवा के स्वरबद्ध कर्पूरी ठाकुर की अमर गाथा पर आधारित गीत प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम में दिखेंगी कर्पूरी की जीवन झलकियां
गुदड़ी के लाल कहे जाने वाले जननायक कर्पूरी ठाकुर सादगी की भी प्रतिमूर्ति थे। मुख्यमंत्री का पद सुशोभित करने के बावजूद झोपड़ी में ही उन्होंने अपना जीवन बिताया। यहां तक कि उनके पिता गांव में लोगों के घर में हजामत करने के लिए जाते थे। उनका घर देखने के लिए जो लोग जाते थे उसकी स्थिति देख सभी अचंभित रह जाते थे। हालांकि अब उनकी झोपड़ी की जगह पक्के मकान के रूप में स्मृति भवन बन चुका है। उनकी जन्मशती वर्ष पर इस बार कॉलेज परिसर स्थित कार्यक्रम पर उसी तरह की झोपड़ी बनाई है जिसमें जननायक रहते थे। झोपड़ी में प्रतीकरूप में उन सामान को भी रखा गया है जिसका वे इस्तेमाल करते थे। उनकी पुरानी एम्बेस्डर कार को भी मुसरीघरारी से खोज कर लाया गया है।