Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़ganga river cross dangrous line in patna water increased in bagmati ghagra flood like situation in bihar

बक्सर में कटाव तो आरा में बह गए 12 घर; पटना में भी बाढ़ का खतरा; गंगा, घाघरा और कमाल बलान ने बढ़ाई मुसीबत

राज्य में बागमती, घाघरा व कमला बलान नदियां खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गयी हैं। जल संसाधन विभाग ने अलर्ट जारी किया है। तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी गयी है। अफसर-अभियंताओं को रात्रि गश्त के निर्देश दिए हैं।

Nishant Nandan हिन्दुस्तान टीमTue, 17 Sep 2024 01:14 AM
share Share

नेपाल के साथ पड़ोसी राज्यों मप्र और छत्तीसगढ़ में हो रही जबरदस्त बारिश से फिर सूबे की नदियों में उफान है। उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर पटना में भी बढ़ने लगा है। सोमवार को गंगा गांधीघाट और फतुहा के कटैयाघाट पर खतरे के निशान से ऊपर हो गई। वाराणसी और प्रयागराज में भी गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसका असर पटना में अगले 48 घंटे में दिखेगा। बाढ़ नियंत्रण से जुडे अधिकारियों का कहना है कि नदी के जलस्तर में अभी वृद्धि होगी। इधर, गंगा का जलस्तर बढ़ने से पुनपुन नदी भी फतुहा में खतरे के निशान को पार कर गई है।

क्षेत्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष अनीसाबाद की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को गांधीघाट पर गंगा खतरे के निशान से 40 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। नदी का जलस्तर सोमवार की शाम को 49.00 मीटर रहा। दीघाघाट में नदी का जलस्तर खतरे के निशान से मात्र 23 सेंटीमीटर नीचे है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि यहां भी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। फतुहा के कटैयाघाट में नदी का जलस्तर खतरे के निशान से छह सेंटीमीटर ऊपर है। 

यहां नदी का जलस्तर 47.46 मीटर है, जबकि खतरे का निशान 47.40 सेंटीमीटर है। यहां भी नदी तेजी से बढ़ रही है। उधर, पुनपुन नदी पुराना पुल फतुहा के पास 11 सेंटीमीटर खतरे के निशान से ऊपर है। यहां नदी का जलस्तर सोमवार की शाम को 47.51 मीटर था, जबकि खतरे का निशान 47.40 मीटर है। पुनपुन नदी श्रीपालपुर में भी तेजी से बढ़ रही है। देर शाम को दरधा नदी भी कोल्हाचक में खतरे के निशान से ऊपर हो गई है।

बक्सर में तेजी से कटाव शुरू

गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण बक्सर में तेजी से कटाव शुरू हो गया है। बक्सर के नवनियां गांव के पास तेजी से कटाव हो रहा है। सोमवार को यहां एक कच्चा और एक पक्का मकान नदी में कटाव होने के कारण पानी में बह गए। हालांकि किसी के हताहत की सूचना नहीं है। जल संसाधन विभाग और बाढ़ प्रबंधन के अधिकारियों की संयुक्त टीम गांव के पास कैंप कर रही है। गांव में पानी का फैलाव भी तेजी से होने लगा है। कई सड़कों पर बाढ़ का पानी चढ़ गया है, जिससे आवागमन बाधित हो गई है।

बागमती, घागरा खतरे के निशान के पार

राज्य में बागमती, घाघरा व कमला बलान नदियां खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गयी हैं। जल संसाधन विभाग ने अलर्ट जारी किया है। तटबंधों की निगरानी बढ़ा दी गयी है। अफसर-अभियंताओं को रात्रि गश्त के निर्देश दिए हैं। नेपाल में बारिश से गंडक, कोसी का जलस्तर बढ़ने लगा है। बागमती व कमला बलान मुजफ्फरपुर में खतरे के निशान से ऊपर है। भोजपुर जवइनिया में छह घर गंगा में समा गए।

आरा के शाहपुर में गंगा में विलीन हो गए 12 घर

शाहपुर (आरा)। गंगा में उफान के कारण प्रखंड के जवइनिया गांव में तेजी से कटाव हो रहे कटाव के कारण सोमवार को मंदिर समेत कई घर गंगा में समा गये। इससे लोगों में भय और दहशत का माहौल कायम हो गया है। जिला प्रशासन की ओर से गांव को खाली करा दिया गया है। स्कूल समेत अन्य जगहों पर लोग शरण लिए हुए हैं। राहत सामग्री दी गई है। गंगा की तेज धारा के कारण अभी कटाव जारी है। लोग सामान लेकर अपने सगे संबंधियों के घर तथा अन्य जगहों पर शरण लिए हुए हैं।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें