Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़Flood in urban area in Chhapra Saran shops closed UP connection destroyed

छपरा में बाढ़ ने मचाई तबाही, शहरी इलाके में घुसा पानी; सारण का यूपी से संपर्क टूटा

छपरा के इनई गांव के समीप सोंधी नदी के मुहाने पर स्थित स्लुइस गेट के ऊपर से बाढ़ का पानी बह रहा है। स्लुइस गेट के दोनों तरफ का बांध कट कर ध्वस्त हो रहा है। सोंधी नदी के तटबंध पर भी खतरा मंडरा रहा है। नदी के आसपास के गांवों में बाढ़ की आशंका से ग्रामीण सहमे हैं।

Sudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान, छपराThu, 19 Sep 2024 04:35 AM
share Share

बिहार के कई जिलों के निवासी बाढ़ की तबाही झेल रहे हैं। सारण में बाढ़ हाहाकार मचा रहा है। गंगा और घाघरा (सरयू) का जलस्तर बढ़ने के बाद गुरुवार को सारण स्थित जेपी के गांव सिताबदियारा का जिला मुख्यालय से सम्पर्क भंग हो गया है। सारण के मांझी की सीमा से सटे यूपी के चांद दियर पुलिस चेकपोस्ट के पास मांझी-बैरिया रोड एनएच 31 की मुख्य सड़क ध्वस्त हो गयी है। सारण का यूपी से सड़क सम्पर्क भंग है। बिहार से यूपी जाने वाले कई वाहन व सैकड़ों लोग फंसे हैं। यूपी के चांद दियर के लोग घरों से निकल कर मुख्य सड़क व रेलवे लाइन पर शरण लिए हैं।

इधर छपरा में शहर के सलेमपुर व मौना चौक सब्जी मंडी तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है। शहर के नगर पालिका चौक, नगर निगम व कलेक्ट्रेट परिसर में भी पानी घुस गया है। शहर के कई मुख्य पथों पर नाला के माध्यम से बाढ़ का पानी घुसने लगा है। साहेबगंज मौना चौक सब्जी मंडी, सलेमपुर रोड,बूटन बारी, डीएवी गली, साहेबगंज सोनार पट्टी समेत अन्य हिस्सों में बाढ़ का पानी फैलने लगा है। छपरा-बलिया रेलखंड पर भी बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। मांझी -बकुल्हा स्टेशन के बीच रेल लाइन वाले बांध में रिसाव शुरू है।

ये भी पढ़े:गंगा और सोन में बाढ़ से 8 जिलों में हाहाकार, चार तटबंध टूटे; पटना में भी आफत

छपरा के इनई गांव के समीप सोंधी नदी के मुहाने पर स्थित स्लुइस गेट के ऊपर से बाढ़ का पानी बह रहा है। स्लुइस गेट के दोनों तरफ का बांध कट कर ध्वस्त हो रहा है। सोंधी नदी के तटबंध पर भी खतरा मंडरा रहा है। नदी के आसपास के गांवों में बाढ़ की आशंका से ग्रामीण सहमे हैं। बुधवार को पीएन सिंह कॉलेज के पास एनएच 19 पर पानी पहुंच चुका था। सदर प्रखंड की तीन पंचायतों का सारण मुख्यालय से संपर्क भंग हो चुका है। मांझी श्मशान घाट जलमग्न हो गया है।

इसके अलावे दरियापुर में स्थानीय तीन नदियां गण्डकी, मही और सुखमयी उफान पर हैं जिससे बांधों पर दबाव बढ़ गया है। इस बाढ़ से किसानों के खेत डूब गए हैं। भारी मात्रा में फसलें बर्बाद हो गईं हैं। सब्जियां भी डूब चुकी हैं। बाढ़ का पानी फैल जाने से किसानों के सामने पशुचारे का भी संकट उत्पन्न हो गया है। शहर की सब्जी मंडी और वहां की दुकानें बंद हो गयी हैं। सुनारपट्टी की ज्वेलरी दुकानों में पानी घुसने से दुकानें बंद हो गयी हैं। शहर के निचले इलाके में नाव का परिचालन शुरू हो चुका है। लोग प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की मांग कर रहे हैं।

.

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें