दिनदहाड़े कई राउंड फायरिंग से दहला पटना, एक शख्स को लगी गोली; गांधी मैदान इलाके में दहशत
- पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र के देवी स्थान के पास अपराधियों द्वारा दनादन बीस राउंड फायरिंग किए जाने की बात कही जा रही है। वारदात के बाद से इलाके में हड़कंप है। इधर इस फायरिंग की जानकारी मिलते ही गांधी मैदान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल शख्स को अस्पताल भेजा है।

बिहार की राजधानी पटना दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठी है। पटना के गांधी मैदान इलाके में कई राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। मंगलवार को कुछ मीडिया रिपोर्ट में बताया गया कि पटना में 18-20 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की गई है। इस गोलीबारी के दौरान एक शख्स को हाथ में गोली लगी है और वो जख्मी हो गया है। गांधी मैदान के लालजी टोला इलाके में यह फायरिंग की गई है।
पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र के देवी स्थान के पास अपराधियों द्वारा दनादन बीस राउंड फायरिंग किए जाने की बात कही जा रही है। वारदात के बाद से इलाके में हड़कंप है। इधर इस फायरिंग की जानकारी मिलते ही गांधी मैदान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल शख्स को अस्पताल भेजा है। अब पुलिस इस गोलीबारी की छानबीन कर रही है।
कहा जा रहा है कि पुलिस ने कई खोखे बरामद किए हैं। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि जमीन विवाद में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया है। फायरिंग के बाद सभी आरोपी वहां से भाग निकले हैं। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के जरिए गोलीबारी करने वालों की पहचान में जुटी है।