Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़दरभंगाFormer IPS officer Kamya Mishra to provide free education to underprivileged children after resigning

जरूरतमंद बच्चों की नि:शुल्क शिक्षा पर करूंगी काम : काम्या

दरभंगा ग्रामीण एसपी काम्या मिश्रा ने पुलिस सेवा छोड़ने के बाद जरूरतमंद बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देने का ऐलान किया है। काम्या ने हाल ही में इस्तीफा दिया था।

Newswrap हिन्दुस्तान, दरभंगाTue, 6 Aug 2024 07:16 PM
share Share

लहेरियासराय/मुजफ्फरपुर, हि.टी.। दरभंगा ग्रामीण एसपी आईपीएस काम्या मिश्रा ने कहा है कि पुलिस सेवा छोड़ने के बाद वह जरूरतमंद बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा देने के अपने पुराने सपने को पूरा करने की दिशा में काम करेंगी। काम्या ने मंगलवार को हिन्दुस्तान को बताया कि उन्होंने इस्तीफा दे दिया है और इसके स्वीकृत होने तक वे अवकाश पर जाएंगी। उधर, दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने कहा कि काम्या का इस्तीफा अभी मुख्यालय से स्वीकृत नहीं हुआ है। इस संबंध में मुख्यालय की ओर से फिलहाल कोई सूचना नहीं आई है। इस बीच, काम्या मंगलवार को समाहरणालय में आयोजित जिले की क्राइम मीटिंग में मौजूद रहीं। युवा पुलिस अधिकारी काम्या ने बताया कि अब वह पूरी तरह ओडिशा में ही रहेंगी। पिता के कारोबार को देखने के साथ ही वंचित बच्चों की पढ़ाई को लेकर बड़े स्तर पर पहल करेंगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा लोगों की बेहतरी का अच्छा माध्यम है, लेकिन अन्य तरीकों से भी समाज के लिए कार्य किया जा सकता है। आज भी समाज के बड़े हिस्से को बेहतर शिक्षा की आवश्यकता है। मैं इसमें अपना योगदान देना चाहती हूं। काम्या ने बताया कि उन्हें यह निर्णय लेने में काफी कठिनाई हुई। उनका मन पुलिस विभाग में लग गया था। अपने सपने और परिवार की विरासत संभालने के लिए यह कठोर निर्णय लेना पड़ा।

काम्या ने निजी कारणों का हवाला देते हुए सोमवार को पुलिस सेवा से इस्तीफा सौंपा है। काम्या अपने माता-पिता की एकलौती संतान हैं। उनके पिता का बड़ा कारोबार है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार काम्या एक साल से पुलिस सेवा छोड़ने पर विचार कर रही थीं। बीते महीने उनके परिवार के लोग दरभंगा आए थे। इस दौरान उन्होंने अपना मन बना लिया। काम्या के पति अवधेश दीक्षित भी आईपीएस अधिकारी हैं। वे फिलहाल मुजफ्फरपुर सिटी एसपी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी ने व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दिया है। पहले पटना सचिवालय डीएसपी के पद पर कार्यरत रही काम्या दरभंगा की पहली ग्रामीण एसपी बनीं। उन्होंने इसी साल सात मार्च को ग्रामीण एसपी का पद संभाला था। दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक काम्या ने 22 साल की उम्र में वर्ष 2019 में अपने पहले प्रयास में ही यूपीएससी की परीक्षा पास की थी। उन्हें 172वीं रैंक मिली थी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें