तालाब में मिले दो और चार साल के भाइयों के शव, मां बोली- किसी ने मारकर फेंक दिया
समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर में एक तालाब से दो और चार साल के भाइयों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मां ने उनकी हत्या कर पोखर में फेंकने का आरोप लगाया है।

बिहार के समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर में गुरुवार को तालाब से दो बच्चों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों आपस में सहोदर भाई थे। उनकी उम्र दो और चार साल थी। बच्चों की मां ने बच्चों की हत्या की आशंका जताई है। मां का कहना है कि किसी ने उनके बेटों को मारकर पोखर में फेंक दिया। महिला का अपने पति से विवाद भी चल रहा था, जिस कारण वह बीते एक साल से अपने मायके में रह रही थी। दूसरी ओर, पुलिस प्रथमदृष्ट्या दोनों भाइयों की पोखर में डूबने से मौत की आशंका जता रही है।
जानकारी के अनुसार विभूतिपुर थाना क्षेत्र के बन्हैती दुर्गास्थान के समीप पोखर से सोमवार को करीब 11 बजे दो सहोदर भाइयों अयांश राज (4) और अंश राज (2) का शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों रविवार दोपहर खेलने के लिए निकले और उसके बाद से लापता थे। दोनों बच्चे अपनी मां के साथ साल भर से नाना रामबालक महतो के घर रहते थे। अयांश एवं अंश शिवनाथपुर गांव के मुकेश कुमार एवं निशा कुमारी के पुत्र थे।
परिजन ने बताया कि दोनों भाई मां निशा कुमारी के साथ ननिहाल में एक साल से रह रहे थे। रविवार को दोनों बच्चे नानी के साथ गए थे। नानी जीविका की मीटिंग में चली गई और दोनों बच्चे पोखर किनारे खेलने लगे। मीटिंग के बाद नानी बच्चों को खोजते हुए घर पहुंची लेकिन नहीं मिले। कहीं पता नहीं चलने पर रात 9 बजे मां निशा कुमारी ने थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। सोमवार को कुछ ग्रामीणों ने पोखर में घुसकर खोजबीन शुरू की तो दोनों की लाशें बरामद हुईं।
थानाध्यक्ष आनंद कुमार कश्यप ने बताया कि पहली नजर में डूबने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कारण पता चल पाएगा। पोस्टमार्टम के बाद दोनों सहोदर भाइयों के शव आने के बाद उनका अंतिम संस्कार सिंघियाघाट स्थित बूढ़ी गंडक नदी तट पर किया गया। जहां चीख पुकार के बीच मृतक के दादा शिवनाथपुर निवासी ब्रह्मदेव सिंह ने दोनों को मुखाग्नि दी। मौके पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ रही।
मृतक की मां निशा कुमारी, नानी मीरा देवी, नाना रामबालक महतो रो-रोकर बेसुध हो रहे थे। वहीं परिजन का भी बुरा हाल हो रहा था। घटना के बाद तरह-तरह की चर्चाओं का दौर भी जारी रहा। अधिकांश लोग खेलने की क्रम में तालाब में डूबने से मौत की बात कह रहे रहे थे।
बताया जा रहा है कि गंगौली निवासी रामबालक महतो एवं मीरा देवी (वर्तमान में बनहैती सैदपुर) की बेटी निशा कुमारी की शादी साल 2018 में शिवनाथपुर निवासी मुकेश कुमार के साथ हुई थी। पहले तो सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। इधर कुछ दिनों से ससुराल में अनबन शुरू हुई और निशा अपने बच्चे के साथ एक साल पहले बच्चों के साथ मायके आ गई। वह अपने ननिहाल में रहती थी। बच्चों की मां ने हत्या की आशंका जताई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
(हिन्दुस्तान टाइम्स के इनपुट के साथ)