बारिश से मिली राहत, शहर में जलजमाव
बेतिया में रविवार सुबह हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। जलजमाव की समस्या के बावजूद, खेतों में नमी आई है, जिससे किसान धान का बिचड़ा गिराने के लिए तैयार हैं। गन्ना और मक्का की फसल को भी लाभ हुआ...

बेतिया,बेतिया प्रतिनिधि। रविवार सुबह में थोड़ी देर के लिए ही सही लेकिन झमाझम बारिश हुई। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि बेतिया शहर में जलजमाव से परेशानी झेलनी पड़ी। इधर,बारिश से खेतों में नमी आ गई है। खेतों में नमी आने के पर धान का बिचड़ा गिराने के लिए खेत तैयार करने में किसान जुट गये है। जिला कृषि पदाधिकारी प्रवीण कुमार राय ने बताया कि पश्चिम चंपारण जिले में 1.52 लाख हेक्टेयर में धान की खेती की जानी है। जिसके एवज में लगभग 13 हजार हेक्टेयर में धान का बिचड़ा गिराया जाएगा। बारिश से गन्ने के साथ-साथ सब्जी की फसलों और आम लीची के फसलों को फायदा हुआ है।
इस वर्ष लगातार हो रही बारिश से गरमा की फसलों के बेहतर उत्पादन होने की संभावना है। गन्ना और मक्का फसलों के लिए संजीवनी : योगापट्टी। बारिश से खेतों में गन्ना एवं मक्का की फसल को फायदा हुआ है। किसानों का कहना है कि यह बारिश फसलों के लिए संजीवनी से कम नहीं है। यह बारिश सब्जियों की फसल व आम लीची के लिए भी फायदेमंद साबित होगा। योगापट्टी प्रखंड क्षेत्र में किसान बड़े पैमाने पर गन्ना एवं मक्का की खेती करते हैं।लेकिन सरकारी स्तर पर प्रखंड क्षेत्र में किसानों को सिचाई की कोई व्यवस्था नहीं है।अधिकतर सरकारी नलकूंप उचित रखरखाव के अभाव में खराब पड़े हैं।ऐसी स्थिति में किसानों को निजी बोरिग एवं पंपसेट से ही खेतों की सिचाई करना पड़ रहा है।जिससे खेती में लागत बढ़ जाती है।गौरतलब है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी ने लोगों को हलकान कर रखा था।लेकिन रविवार की सुबह के बाद अचानक मौसम ने करवट बदली और आसमान में तेज गर्जना के साथ तेज बरसात व तेज हवाओं ने जोर पकड़ लिया।और तेज आंधी के साथ बारिश होने लगी बारिश से किसानों ने राहत की सांस ली है।उनके चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई है।किसानों का कहना है कि यह बारिश फसलों को काफी फायदा पहुंचाएगा।किसान हरेन्द्र यादव,वीरेन्द्र प्रसाद,दिनानाथ चौधरी,विवेक पाठक आदि दर्जनों लोगों ने बताया कि बारिश होने से किसानों को अब गन्ना एवं मक्का के खेत में सिचाई नहीं करना पड़ेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।