महिलाओं को सशक्त बनाने को कारीगर प्रशिक्षण
भोजपुर में महादलित समुदाय की महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए महिला कला केंद्र ने कोईलवर के सकड्डी गांव में कारीगर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भरता और स्थायी आय के अवसर...

आरा। भोजपुर में महादलित समुदाय की महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से महिला कला केंद्र की ओर से शुक्रवार को कोईलवर के सकड्डी गांव में कारीगर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बताया गया कि यह पहल हाशिए पर रहने वाली महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता और स्थायी आजीविका के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उद्घाटन भोजपुर महिला कला केंद्र की सचिव और राष्ट्रपति के हाथों प्रतिष्ठित नारी शक्ति पुरस्कार से सम्मानित अनीता गुप्ता व कोषाध्यक्ष गीता देवी ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर प्रशिक्षक रीना देवी, कार्यक्रम प्रबंधक मनीष राज, मंजू देवी, प्रमोद कुमार, मनीष कुमार व धरमू राम मौजूद थे।
दो महीने के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम आर्टिफिशल ज्वेलरी और क्रोशिया काम सिखाने पर केंद्रित है। ऐसे कौशल जो महिलाओं को एक स्थायी आय अर्जित करने और अपने परिवार को वित्तीय सहायता प्रदान करने में सक्षम बना सकते हैं। सचिव अनीता गुप्ता ने कहा कि इन कौशलों को हासिल कर महिलाएं न केवल घर बैठे कमाई कर सकेंगी, बल्कि उन्हें अपने स्थानीय समुदायों से परे मेलों और प्रदर्शनियों में भाग लेने के अवसर भी मिलेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।