Hindi Newsमौसम न्यूज़Monsoon 2024 Update UP MP Rajasthan Monsoon Date Coming Soon Weather Forecast IMD Good News Rain Alert Weather today in Hindi Aaj ka mausam mausam ki jankari Temp today in Hindi

Monsoon Update: हो जाइए तैयार, UP में आ रहा है मॉनसून, इस दिन होगी एंट्री; झमाझम बारिश का अलर्ट

Monsoon Update: अधिकारी ने बताया कि पहले यूपी में मॉनसून की एंट्री 19 जून तक हो जाती थी और 21-22 जून के आसपास यह लखनऊ पहुंच जाता था, लेकिन इस बार यूपी में मॉनसून के आने में देरी हो रही है।

Madan Tiwari लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीWed, 19 June 2024 03:43 PM
share Share

Monsoon Updates: उत्तर भारत में गर्मी का कहर जारी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड आदि जैसे राज्यों में रोजाना हीटवेव चल रही है। दिन के समय तो छोड़िए, सूरज ढलने के बाद भी घर से बाहर निकलना आसान नहीं है। लू के थपेड़ों ने जीना मुहाल कर दिया है। लोग अब बस मॉनसून का ही इंतजार कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में इस बार मॉनसून के आने में कुछ देरी हुई है, लेकिन अब इंतजार खत्म होने वाला है। दरअसल, धीमा हुए मॉनसून के अब फिर से पुरानी गति से आगे बढ़ने की संभावना है। स्काईमेट वेदर के अनुसार, साउथवेस्ट मॉनसून उत्तर प्रदेश में 24 या 25 जून तक पहुंच सकता है। यानी कि पांच-छह दिनों बाद यूपी में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। इसी दौरान मॉनसून के पूर्वी मध्य प्रदेश के इलाकों में भी पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, गुजरात और राजस्थान में भी 24-25 जून के आसपास ही मॉनसून की एंट्री हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, साउथवेस्ट मॉनसून उत्तर प्रदेश में बलिया और गोरखपुर के जरिए दस्तक दे सकता है। अधिकारी ने बताया कि पहले यूपी में मॉनसून की एंट्री 19 जून तक हो जाती थी और 21-22 जून के आसपास यह लखनऊ पहुंच जाता था, लेकिन इस बार यूपी में मॉनसून के आने में देरी हो रही है। लखनऊ मौसम विभाग के अधिकारी मोहम्मद दानिश ने कहा, ''हम यही कह सकते हैं कि मॉनसून में कुछ दिनों की देरी हुई है। बिल्कुल सही तारीख तभी बताई जा सकती है, जब मॉनसून बिहार के बॉर्डर पर पहुंच जाएगा।'' मौसम विभाग ने यूपी के 22 जिलों के लिए 20 जून तक रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि 22 जून तक 18 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

दस दिनों में इन इलाकों में पहुंच जाएगा मॉनसून
मॉनसून को लेकर बताया गया है कि अभी यह समय से थोड़ा पीछे चल रहा है, लेकिन अगले दस दिनों के अंदर यह उत्तर भारत और उत्तर पश्चिम भारत के इलाकों में पहुंच जाएगा। साथ ही यह भी उम्मीद जताई गई है कि पिछले हफ्ते तक होने वाली कम बारिश को भी यह मॉनसून आने वाले समय में पूरा कर देगा। इस समय मॉनसून की उत्तरी सीमा नवसारी, जलगांव, अमरावती, चंद्रपुर, बीजापुर, सुकमा, मलकानगिरी, विजयनगरम  और इस्लामपुर से होकर गुजर रही है। अगले 2-3 दिनों के दौरान महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी इलाकों, गंगा के मैदानी इलाकों, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल के शेष हिस्सों और बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। यानी कि इन इलाकों में मॉनसून बस आने वाला ही है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें