Hindi Newsमौसम न्यूज़IMD Weather Updates 4 January Bihar Me Barish Cold Wave in North India UP Mausam - Weather today in Hindi - Aaj ka mausam, mausam ki jankari, Temp today in Hindi

ठंड से ठिठुरा उत्तर भारत, बिहार के 19 शहरों में बारिश का अलर्ट; जानें मौसम का हाल

बुधवार को भी लोगों को शीतलहर से राहत नहीं मिली। अधिकारियों ने बताया कि अनंतनाग शहर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे सात डिग्री दर्ज किया गया, जो कि जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा।

Himanshu Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली।Thu, 4 Jan 2024 01:57 AM
share Share

IMD Rain and Cold Wave Alert: दिल्ली समेत उत्तर भारत में शीतलहर और ठंड का प्रकोप जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले दो दिनों तक कोल्ड डे की स्थिति रहेगी। हालांकि दो दिनों के बाद इसमें सुधार संभव है। वहीं उत्तर पश्चिम और पूर्वी भारत के कुछ क्षेत्रों में भी दो दिनों तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। आईएमडी के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 और 5 जनवरी को सुबह घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं, पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में गुरुवार और शुक्रवार को शीतलहर चलेगी। 

पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस और पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तर मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में 10 से 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
आईएमडी के मुताबिक दक्षिण तमिलनाडु, दक्षिण केरल और लक्षद्वीप के कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। अगले तीन से चार दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप में 4 जनवरी को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दक्षिण हरियाणा और इसके आसपास चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से बिहार की राजधानी पटना सहित 19 शहरों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। 

उत्तर भारत के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर भारत के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है। भारतीय रेलवे के अनुसार, कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 26 ट्रेनें एक से छह घंटे तक विलंबित हुईं। क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के वैज्ञानिक एवं प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा, जनवरी के पहले दस दिन सबसे ठंडे माने जाते हैं, लेकिन पिछले साल की तुलना में इस साल यह अपेक्षाकृत गर्म है। पिछले वर्षों की तुलना में न्यूनतम तापमान अभी तक दो या तीन डिग्री तक नहीं गिरा है, जब ऐसा एक या दो दिनों के लिए होता था।

कश्मीर में शीतलहर से राहत नहीं
कश्मीर में बुधवार को भी लोगों को शीतलहर से राहत नहीं मिली। अधिकारियों ने बताया कि अनंतनाग शहर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे सात डिग्री दर्ज किया गया, जो कि जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा। अधिकारियों ने बताया कि इसी तरह श्रीनगर शहर में तापमान शून्य से नीचे 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और डल झील की सतह पर बर्फ की एक पतली परत बन गई। हाउसबोट में रहने वाले स्थानीय निवासियों को अपनी नौकाओं को किनारे पर लाने के लिए बर्फ की परत तोड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अत्यधिक शीतलहर के कारण कश्मीर के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति करने वाले पाइप के अंदर पानी जम गया है।

हिमाचल में नौ को बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में नौ जनवरी को बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा सहित मंडी, सोलन, सिरमौर में छह जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। उधर, प्रदेश के मैदानी भागों में बुधवार सुबह भी कोहरा छाया रहा। ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, मंडी और सिरमौर के कई क्षेत्रों में विजिबिलिटी 50 मीटर ही रही।

पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों में भीषण ठंड
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में ठंड की स्थिति बनी रही, जहां गुरदासपुर और नारनौल क्रमश: सबसे ठंडे स्थान रहे। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार, करनाल और रोहतक में लोगों ने सर्द रात का अनुभव किया जहां न्यूनतम तापमान क्रमशः 7.4 डिग्री, 7.7 डिग्री और 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री रहा।

कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें