सावधान! नया पश्चिमी विक्षोभ दिखाएगा रंग, बिहार-झारखंड समेत इन राज्यों में होगी बारिश; दिल्ली का क्या हाल
- मौसम विभाग के अनुसार, 25 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी और बारिश देखने को मिलेगी।

देशभर में मौसम करवट बदल रहा है। उत्तर भारत ठंड की विदाई के दौरान पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश का दौर शुरू होने वाला है, जबकि पूर्वी भारत में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी और बारिश देखने को मिलेगी।
उत्तर भारत में बर्फबारी की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर में 25 से 28 फरवरी तक भारी बर्फबारी हो सकती है, वहीं हिमाचल प्रदेश में 26 से 28 फरवरी और उत्तराखंड में 27 और 28 फरवरी को बर्फ गिरने की संभावना है। इस दौरान इन राज्यों में ठंड में इजाफा होगा और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
पूर्वी भारत में तेज आंधी-बारिश का खतरा
वहीं, देश के पूर्वी हिस्सों में 23 फरवरी को मौसम बिगड़ सकता है। बिहार, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
तापमान में उतार-चढ़ाव जारी
पिछले 24 घंटों में अरुणाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में दिन का तापमान 1-4 डिग्री सेल्सियस गिरा है, जबकि गुजरात और जम्मू-कश्मीर में तापमान 1-4 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। रात्रि तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, खासकर लक्षद्वीप, कर्नाटक, सौराष्ट्र, कच्छ और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में।
दिल्ली-एनसीआर का हाल
दिल्ली में 24 फरवरी से हल्की बदली छा सकती है। 25 और 26 फरवरी को सुबह हल्की धुंध रहेगी। अधिकतम तापमान 25-30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10-14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।