Hindi Newsमौसम न्यूज़mausam samachar imd 21 feb weather updates punjab up bihar delhi ncr aaj ka mausam

दुरुस्त करा लीजिए AC-कूलर; गर्मी के दिखने लगे हैं आसार, कब तक पलटी मारेगा मौसम

  • देश के अलग-अलग राज्यों के अधिकतम तापमान में भी वृद्धि देखी गई है। ऐसे में मार्च में ही गर्मी के आसार दिखाई देने लगेंगे।

Himanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तानFri, 21 Feb 2025 01:31 PM
share Share
Follow Us on
दुरुस्त करा लीजिए AC-कूलर; गर्मी के दिखने लगे हैं आसार, कब तक पलटी मारेगा मौसम

देश भर के अलग-अलग राज्यों में मौसम की तस्वीर तेजी से बदल रही है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के कारण फरवरी के पहले दो हफ्तों में उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई। वहीं, देश के मैदानी और मध्य भागों में शुष्क मौसम बना रहा। अलग-अलग राज्यों के अधिकतम तापमान में भी वृद्धि देखी गई है। ऐसे में मार्च में ही गर्मी के आसार दिखाई देने लगेंगे।

उत्तर भारत में ठंड का असर कम

पिछले सप्ताह उत्तर भारत के कई इलाकों में शीतलहर दर्ज की गई, लेकिन तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो रही है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में 14 फरवरी को शीतलहर जैसी स्थितियां बनीं। पंजाब के आदमपुर में 14 फरवरी को न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में 19 फरवरी को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

वहीं, पूर्वोत्तर भारत में कोहरे का प्रकोप जारी रहा। मेघालय में 17 फरवरी को घना से बहुत घना कोहरा दर्ज किया गया, जबकि ओडिशा, असम, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित हुई।

देश के कई हिस्सों में बारिश की भारी कमी देखी गई। रिपोर्ट के अनुसार, 13 से 19 फरवरी के बीच उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से 99% कम बारिश दर्ज की गई। मध्य भारत में भी यह आंकड़ा 100% की गिरावट दर्शाता है। पूरे देश में 1 जनवरी से 19 फरवरी के बीच कुल बारिश में 72% की गिरावट रही, जो इस सीजन की औसत वर्षा से काफी कम है।

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय

हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के कारण 20 फरवरी से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा, 24 फरवरी के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे उत्तर-पश्चिमी भारत में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

तापमान में वृद्धि संभावना

आईएमडी के अनुसार, आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों में तापमान स्थिर रहेगा, जबकि मध्य और पूर्वी भारत में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है।

मार्च की शुरुआत में मौसम मारेगा पलटी

27 फरवरी से 5 मार्च तक के पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी जारी रह सकती है। हालांकि, देश के अन्य हिस्सों में बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल देश में किसी भी हिस्से में शीतलहर की संभावना नहीं है, लेकिन पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें