Hindi Newsमौसम न्यूज़IMD Weather Updates Delhi UP Bihar Mausam Samachar baarish cold wave alert

कहीं तपिश तो कहीं बारिश, कहीं मौसम फिर लेगा करवट; दिल्ली-यूपी का क्या हाल

  • छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में रात के तापमान में 3 से 6 डिग्री की वृद्धि हुई है। उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और ओडिशा में यह 1 से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। जानें अलग अलग राज्यों के मौसम का हाल।

Himanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तानTue, 11 Feb 2025 04:05 PM
share Share
Follow Us on
कहीं तपिश तो कहीं बारिश, कहीं मौसम फिर लेगा करवट; दिल्ली-यूपी का क्या हाल

सर्दियों की वापसी के बीच देश के कई हिस्सों में तापमान में असामान्य बढ़ोतरी देखी गई है, जबकि पूर्वोत्तर भारत में भारी वर्षा और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम, पूर्व और मध्य भारत में दिन के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत में तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक बना हुआ है।

पिछले 24 घंटों में मौसम का हाल

बीते 24 घंटों में पूर्व और मध्य भारत में दिन का तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ा है, जबकि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में यह लगभग 2 डिग्री गिरा है। वहीं, छत्तीसगढ़ और गंगीय पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में रात के तापमान में 3 से 6 डिग्री की वृद्धि हुई है। उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और ओडिशा में यह 1 से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में हल्की बर्फबारी और बारिश हुई। वहीं, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में घना कोहरा देखा गया, जहां दार्जिलिंग में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई।

इन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश में 11 और 12 फरवरी को भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा, असम और मेघालय में भी हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 11 और 12 फरवरी को छिटपुट बारिश होने की संभावना है।

उत्तर और मध्य भारत में तापमान में गिरावट की उम्मीद

अगले तीन दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। वहीं, मध्य भारत में अगले 24 घंटों तक कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 4 डिग्री तक तापमान गिर सकता है। पूर्वी भारत में भी अगले 48 घंटों तक तापमान स्थिर रहेगा, इसके बाद 2 से 3 डिग्री की गिरावट होगी। महाराष्ट्र में भी अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, देश के अन्य हिस्सों में अगले 5 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

हिमाचल में शीतलहर, बिहार और पश्चिम बंगाल में कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में 11 और 12 फरवरी को शीतलहर की संभावना जताई है। वहीं, बिहार में 12 फरवरी तक और गंगीय पश्चिम बंगाल में 13 फरवरी तक घने कोहरे के बने रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली और एनसीआर में 11 से 14 फरवरी तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। 12 और 13 फरवरी को दिन में तेज हवा (20-30 किमी/घंटा) चल सकती है। अधिकतम तापमान 24 से 30 डिग्री के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 9 से 13 डिग्री के बीच बना रहेगा।

अगला लेखऐप पर पढ़ें