Weather Today: गर्मी का सितम, IMD ने दिया भीषण लू का अलर्ट, दिल्ली समेत ये 11 राज्य लपेटे में
- Aaj Ka Mausam: IMD ने रविवार रात बताया है कि 4 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत, महाराष्ट्र और दक्षिण प्रायद्वीपीय पठार में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है।

तीखी गर्मी का प्रहार शुरू हो चुका है। मौसम के ताजा हाल बता रहे हैं कि गर्मी का प्रकोप कम से कम 10 राज्यों को पूरे सप्ताह सता सकता है। उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों समेत इन राज्यों में लू से लेकर उमस तक से लोगों का सामना होगा। IMD यानी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने ऐसे संकेत दिए हैं। हालांकि, पहाड़ी राज्यों में 9 और 10 अप्रैल को बारिश के भी आसार हैं।
कहां बढ़ेगी गर्मी
IMD ने रविवार रात बताया है कि 4 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत, महाराष्ट्र और दक्षिण प्रायद्वीपीय पठार में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। इसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावनाएं हैं। 4 दिनों के दौरान मध्य भारत में भी अधिकतम तापमान के 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने के आसार हैं। गुजरात में 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस का इजाफा देखा जा सकता है।
ये राज्य जमकर तपेंगे
मौसम विभाग ने बाया है कि 10 अप्रैल तक गुजरात के कुछ हिस्सों में हीट वेव चल सकती है। वहीं, सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों में 7 अप्रैल तक भीषण लू के आसार हैं। राजस्थान में 10 अप्रैल तक हीट वेव की संभावनाएं हैं। जबकि, 7 से 9 अप्रैल तक भीषण लू चल सकती है। हिमाचल प्रदेश में 7 अप्रैल, हरियाणा और चंडीगढ़ में 10 अप्रैल तक लू की स्थिति बन सकती है।
इनके अलावा पंजाब में 7 से 10 अप्रैल, दिल्ली में 7 और 8 अप्रैल, पश्चिम उत्तर प्रदेश में 7 से 9 अप्रैल, मध्य प्रदेश में 8 से 10 अप्रैल तक हीटवेव के आसार हैं।
यहां होगी बारिश
मौसम विभाग के अपडेट के अनुसार, केरल, माहे में 7 अप्रैल, कर्नाटक में 8 अप्रैल तक, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में 10 अप्रैल के बीच छिटपुट बारिश हो सकती है। बिहार में 9 अप्रैल को ओलावृष्टि के आसार हैं। 9 और 10 अप्रैल को जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद में छिटपुट से लेकर हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है।
भीषण गर्मी
उत्तर प्रदेश में अप्रैल, मई और जून माह में सामान्य से अधिक तापमान और भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है तथा तेज उष्ण लहर का भी पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अधिकारी अतुल कुमार सिंह ने रविवार को पीटीआई भाषा को बताया, 'इन महीनों के दौरान पूरे उत्तर प्रदेश में सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान रहने की उम्मीद है। पूर्वानुमान के अनुसार दिन का तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहने की आशंका है।'
रात के तापमान के भी असामान्य रूप से अधिक रहने का अनुमान है।
सिंह ने कहा, 'रात के समय दर्ज किए गए न्यूनतम तापमान के भी सामान्य से अधिक रहने की उम्मीद है।' बुंदेलखंड क्षेत्र के इस भीषण गर्मी का केंद्र बनने का अनुमान है। राज्य में झांसी और चित्रकूटधाम मंडल के सात जिले बुंदेलखंड में आते हैं। उधर, राजस्थान की सीमा से लगे पश्चिमी उप्र के जिलों में भी भीषण गर्मी की आशंका है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।