उत्तराखंड में जमकर बर्फबारी, इन जिलों में बारिश का अलर्ट; अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम
- Uttarakhand Weather: उत्तराखंड के कई इलाकों बारिश और बर्फबारी जमकर हो रही है। लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले 5 दिन तक प्रदेश में हल्की बारिश और बर्फबारी का अपडेट दिया है।

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में जमकर बारिश और बर्फबारी हो रही है। बारिश और बर्फबारी की दोहरी मार के कारण प्रदेश में ठिठुरन बढ़ गई। शुक्रवार को राज्य में मौसम साफ रह सकता है। हालांकि, पहाड़ों में पाला, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कोहरा रह सकता है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने उत्तराखंड के 5 जिलों में बारिश को लेकर अपडेट दिया है। आइए जानते हैं अगले 5 दिन उत्तराखंड का मौसम कैसा रहेगा...
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह गंगोत्री और यमुनोत्री की चोटियों के साथ ही हर्षिल घाटी में जमकर बर्फबारी हुई। गंगोत्री हाईवे गुरुवार को सुक्की टॉप से गंगोत्री तक बाधित रहा। चमोली में पर्यटन स्थल औली में फिर बर्फबारी हुई। पर्यटकों ने औली में बर्फबारी का आनंद उठाया। रुद्रप्रयाग में केदारनाथ समेत अन्य स्थानों पर बर्फबारी हुई। चकराता की ऊंची चोटियों पर भी सीजन की चौथी बर्फबारी हुई।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि शुक्रवार के बाद मौसम फिर बदलेगा। 18 से 22 जनवरी तक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।
देहरादून में सुबह के समय हल्की बारिश के बाद दिनभर बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं। इससे तापमान में छह डिग्री की कमी दर्ज की गई। बुधवार को जहां देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक यानी 23.8 डिग्री दर्ज किया गया, वह गुरुवार को 6.2 डिग्री कम यानी 17.6 डिग्री सेल्सियस तक आ गया। प्रदूषण स्तर मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया। गुरुवार को एक्यूआई 156 रहा।
मसूरी में पड़ रही कड़ाके की सर्दी
पर्यटन नगरी में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली। सुबह बारिश होने से कड़ाके की सर्दी हो गई, जिसके कारण जन जीवन प्रभावित रहा। लोगों को घरों में कैद होने पर मजबूर होना पड़ा। बारिश का प्रभाव चुनाव प्रचार पर भी पड़ा। लेकिन, बर्फ नहीं पड़ने से पर्यटकों को एक बार फिर निराश होना पड़ा। सुबह के समय एक बार बर्फ के फाहे गिरने शुरू हो गए थे। थोड़ी ही देर बाद बारिश हो गई। दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। मसूरी के आसपास के क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई। लेकिन मसूरी में बर्फ न पड़ने से लोग मायूस हुए। नगर पालिका ने हर चौक-चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।