Notification Icon
Hindi Newsउत्तराखंड न्यूज़More than 30 lakh devotees visited Chardham Gangotri Yamunotri Dhams craze

30 लाख से ज्यादा भक्तजनों ने किए चारधाम में दर्शन, गंगोत्री-यमुनोत्री धामों में भी जबरदस्त क्रेज

श्रद्धालुओं की संख्या ने इस बार केदारनाथ धाम में भी पिछले सालों के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त किए। केदारनाथ धाम में प्रतिदिन दर्शन करने की संख्या 34 हजार तक पहुंची। पहले संख्या 15 से 20 हजार प्रतिदिन थी।

Himanshu Kumar Lall देहरादून, हिन्दुस्तान, Tue, 9 July 2024 07:24 AM
share Share

उत्तराखंड चारधाम यात्रा 2024 में इस साल अभी तक के सभी पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। इस बार गंगोत्री और यमुनोत्री धाम को लेकर भी जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। पहले गंगोत्री और यमुनोत्री धामों में अन्य धामों की अपेक्षा कम  तीर्थयात्री आते थे, लेकिन इस बार श्रद्धालुओं का जबरदस्त हुजूम यहां उमड़ा।

दोनों धामों में पिछले साल के मुकाबले दोगुना श्रद्धालु आए। पिछले साल गंगोत्री में पीक टाइम पर अधिक से अधिक 12 हजार श्रद्धालु प्रतिदिन पहुंचे। इस बार यही आंकड़ा 19 हजार प्रतिदिन तक पहुंचा। चारधाम यात्रा के इतिहास में यह सबसे बड़ी संख्या है।

यमुनोत्री में पिछले साल एक दिन में अधिकतम नौ हजार श्रद्धालु प्रतिदिन आते थे। इस बार यह आंकड़ा 15 हजार श्रद्धालु प्रतिदिन तक पहुंचा। इस बार सरकार को चार धाम यात्रा में पहली बार बदरीनाथ, केदारनाथ से अधिक यमुनोत्री, गंगोत्री धाम में भीड़ को नियंत्रित करने में मशक्कत करनी पड़ी।

श्रद्धालुओं की संख्या ने इस बार केदारनाथ धाम में भी पिछले सालों के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त किए। केदारनाथ धाम में प्रतिदिन दर्शन करने की संख्या 34 हजार तक पहुंची। जबकि पहले यही संख्या 15 से 20 हजार प्रतिदिन तक सीमित रहती थी।

बदरीनाथ धाम में इस बार अधिकतम संख्या 28 हजार श्रद्धालु प्रतिदिन रही। पिछले सालों में यही संख्या 16 हजार अधिकतम रहती थी। पर्यटन विभाग सबसे अधिक उत्साह में गंगोत्री, यमुनोत्री धाम के आंकड़ों को लेकर है।

पहली बार यमुनोत्री जाने वाले रूटों पर भी रहा जाम
इस बार यात्रा में यमुनोत्री धाम जाने वाले रूटों पर सबसे अधिक जाम की स्थिति रही। श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़ का आलम ये रहा कि सरकार को व्यवस्था बनाने को सचिव मुख्यमंत्री आर मीनाक्षी सुंदरम तक को उत्तरकाशी में कैंप कर व्यवस्थाएं सुधारने को भेजना पड़ा। सरकार की तैयारी विकासनगर से यमुनोत्री धाम के रूट को विकसित करने पर है। ताकि श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या का दबाव झेला जा सके।

30 लाख से ज्यादा यात्री कर चुके चारधाम यात्रा
चारधाम यात्रा में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या का नया रिकॉर्ड बना है। अभी तक की यात्रा में संख्या 30 लाख की संख्या को पार कर चुकी है। पिछले साल के मुकाबले इस बार 30 लाख की ये संख्या 18 दिन पहले ही पूरी हो गई है।

चारधाम यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए सरकार की ओर से जो कदम उठाए गए थे, वे बेहद कारगर साबित हुए। श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या इन बेहतर इंतजामों पर मुहर लगाने का काम कर रहे हैं। आने वाले समय में चार धाम यात्रा से जुड़े लोगों के सुझावों को लेते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर किया जाएगा।
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें