Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़while burning effigy of akhilesh yadav in hardoi police clashed 3 including bjym district president got burnt

हरदोई में अखिलेश यादव का पुतला फूंकते समय पुलिस से धक्‍कामुक्‍की, भाजयुमो जिलाध्‍यक्ष समेत 3 झुलसे

  • हरदोई में सपा प्रमुख अखिलेश यादव का पुतला फूंक रहे भाजयुमो कार्यकर्ताओं से पुलिस ने पुतला छीनने की कोशिश की। छीनाझपटी के बीच जिलाध्यक्ष समेत तीन कार्यकर्ता मामूली रूप से झुलस गए।

Ajay Singh हिन्दुस्तान, हरदोई। हिन्‍दुस्‍तानSun, 15 Sep 2024 06:23 AM
share Share

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा संतों की तुलना माफिया से करने के मठाधीश वाले बयान को लेकर शनिवार को यूपी के विभिन्‍न जिलों में भाजपा और हिन्‍दूवादी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किए। इस दौरान हरदोई में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मोहल्ला सिनेमा चौराहा पर पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला फूंका। पुलिस ने कार्यकर्ताओं के हाथों से पुतला छीनने की कोशिश की। छीनाझपटी के बीच जिलाध्यक्ष समेत तीन कार्यकर्ता मामूली रूप से झुलस गए। अधजले पुतले को पुलिस कर्मियों ने छीनकर बुझा दिया।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष आकाश सिंह की अगुवाई में दोपहर बाद महामंत्री प्रखर, भाष्कर मौर्या, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र, अंशुमान, शिवेंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी अनुज मिश्रा, मुकुल सिंह आशा, आशुतोष आजाद, मुनिराज आदि पदाधिकारी व कार्यकर्ता सिनेमा चौराहा पर पहुंचे। नारेबाजी करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पुतले को आग लगा दी।इस दौरान सुरक्षा के लिए तैनात कोतवाली पुलिस के जवान पहुंच गए। पुतले को छीनने का प्रयास किया। इससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद अधजले पुतले को जैसे तैसे पुलिस कर्मियों ने बुझाया। इस बीच भाजपाई नारेबाजी करते हुए नाराजगी जताते रहे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पुतले की छीनाझपटी के दौरान उनके अलावा शिवेंद्र सिंह व मुनिराज झुलस गए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का मठाधीश और माफिया वाला बयान निंदनीय है। उन्होंने साधू संतों का अपमान किया है।

सपा ने भी दी गांव-गांव पुतला फूंकने की चेतावनी

उधर, सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली ने कहा कि धर्म की आड़ में राजनीति करने वाली भाजपा पूरे देश में जातीयता और धर्म के नाम पर आग लगा रही है। अगर देश में लोकतंत्र को खत्म करने का प्रयास सरकार की तरफ से किया जाएगा तो सपा के कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे। अन्यायी अत्याचारियों के पुतले गांव गांव फूंकने का काम सपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी करेंगे। भाजपाइयों द्वारा सपा नेता का पुतला फूंकना निंदनीय है। प्रशासन से मांग है कि सुरक्षा और अमन से खिलवाड़ करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाए। अगर ऐसी घटना पुन होती है तो सपाई भी चुप नहीं बैठेंगे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें