UP Weather Update: आंधी जैसी हवा, कल यूपी से गुजरेगा पश्चिमी विक्षोभ; जानें कैसा रहेगा मौसम
- मौसम विज्ञानियों का कहना है कि तेज हवा का सिलसिला मंगलवार की शाम तक जारी रह सकता है। वैसे आज के मुकाबले सतही हवा की रफ्तार अपेक्षाकृत थोड़ी कम रहेगी। पछुआ में इस तेजी की वजह हाल ही में यूपी से गुजरा पश्चिमी विक्षोभ है। 22 जनवरी को भी एक पश्चिमी विक्षोभ यूपी से गुजरेगा।
UP Weather Update: आसमान साफ, कोई ‘थंडर स्टॉर्म’ नहीं लेकिन हवा की रफ्तार आंधी जितनी, 40 किलोमीटर प्रतिघंटा। सोमवार को मौसम ने हैरान किया जब तेज हवा के झोंके दोपहिया पर चलने वालों को लहरा दे रहे थे। साथ ही सर्द हवा के बावजूद धूप की तल्खी इतनी थी कि 2021 के बाद लखनऊ जनवरी का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार तेज हवा का सिलसिला मंगलवार की शाम तक जारी रह सकता है। वैसे आज के मुकाबले सतही हवा की रफ्तार अपेक्षाकृत थोड़ी कम रहेगी। पछुआ में इस तेजी की वजह हाल ही में यूपी से गुजरा पश्चिमी विक्षोभ है। 22 जनवरी को भी एक पश्चिमी विक्षोभ यूपी से गुजरेगा।
अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार वायुमंडल में जब एक सिस्टम आगे निकल जाता है तो पीछे रिक्त स्थान छोड़ता है। जिस ओर की हवा चल रही होती है वह तेजी से इस स्थान को भरती है। इस वक्त पछुआ चल रही है इसलिए पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उसकी गति अचानक तेजी हो गई। इस बीच अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 5.6 अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा यह भी सामान्य से 3.7 ज्यादा रहा।
यह भी पढ़ें: मौनी अमावस्या पर अयोध्या में उमड़ेंगे भक्त, रोज साढ़े 3 लाख भक्तों को रामलला के दर्शन कराने की तैयारी
24 से फिर कोहरा बढ़ेगा
मौसम विभाग के अनुसार 22 जनवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ यूपी से गुजरेगा। इससे लखनऊ या आसपास बारिश की संभावना कम हो गई है। बादलों की आवाजाही रहेगी। इसके बावजूद इसके गुजरने के बाद 24 तारीख से कोहरे में बढ़ोतरी होगी। पारा भी गिरेगा।
इसलिए बढ़ा तापमान
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार तेज हवा ने सतह से ऊपर छाई कोहरे की परत को हटा दिया। ऐसे में तेज धूप धरती पर पड़ने लगी जिससे तापमान में बढ़ोतरी हुई।
कानपुर में रात में चलीं बर्फीली हवाएं
बादल छंटने और हवा की दिशा बदलने से कानपुर में तापमान में तेजी से वृद्धि हुई। जनवरी में ही दिन का तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से 04.4 डिग्री अधिक है। इसके विपरीत रात का पारा 06.3 डिग्री रहा। यह प्रदेश में सबसे कम पारा है।
तीन पश्चिमी विक्षोभ एक साथ आने से मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। बंगाल की खाड़ी में उथल-पुथल का प्रभाव भी मौसमी सिस्टम पर पड़ रहा है। हवा की दिशा पश्चिमी विक्षोभों के कारण उत्तर पूर्वी हो गई है। उत्तर-पूर्वी हवाएं नमी लाने में सक्षम हैं। जब तक विक्षोभ है तब तक उत्तर-पश्चिमी हवाएं शांत रहेंगी। आसमान साफ होने और उत्तर-पश्चिमी हवाएं न चलने से दिन का तापमान तेजी से चढ़ा। तेज धूप के कारण वैसे भी तापमान बढ़ रहा था। सोमवार को अधिकतम तापमान 03.4 डिग्री की वृद्धि के साथ 26.2 डिग्री पहुंच गया। सामान्य तौर पर बादल या अधिक कोहरा न होने से दिन का पारा चढ़ना स्वाभाविक है। आसमान साफ होने के कारण न्यूनतम पारा 06.3 डिग्री रहा। यह सामान्य से 03.6 डिग्री कम रहा। यह तापमान प्रदेश में सबसे कम है। सीएसए के जारी आंकड़ों के अनुसार, न्यूनतम पारा 06.3 डिग्री है जबकि आईएमडी के अनुसार कानपुर का न्यूनतम पारा 08 डिग्री है। आईएमडी की जारी सूची के अनुसार न्यूनतम पारा फतेहपुर का रहा। यहां पारा 06.6 डिग्री रहा। हवा की गति भी 25-30 किमी प्रति घंटे रही। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया, जो पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं, उसका असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पड़ेगा। इस क्षेत्र में बूंदाबांदी हो सकती है। 24 से 48 घंटों में कानपुर मंडल में भी ऊपरी व निचले हल्के बादल आ सकते हैं।
कोहरे और धुंध के फेर में फंसीं 47 ट्रेनें
कोहरा और धुंध के फेर में कानपुर सेंट्रल और गोविंदपुरी स्टेशन से होकर आने वाली 47 ट्रेनें लेट रहीं। इनमें ज्यादातर ट्रेनें दिल्ली - हावड़ा रूट की रहीं। लेटलतीफी से परेशान 742 यात्रियों ने टिकट वापस किए और 71 यात्रियों को कनेक्टिंग रिजर्वेशन सुविधा से दूसरी ट्रेनों में यात्रा की अनुमति दी गई।
सर्दी के तेवर भले ही ढीले पड़े हो लेकिन अस्पतालों में बीमारों की संख्या में कोई कमी नहीं है। कार्डियोलॉजी में गंभीर रोगियों की भरमार है। सोमवार को 48 रोगियों को अलग-अलग तकलीफ के कारण भर्ती किया गया है। वहीं हार्ट अटैक, फेल होने के कारण 20 मरीज इमरजेंसी में भर्ती किए गए। वहीं ओपीडी में अलग-अलग हार्ट संबंधी दिक्कत के 1185 मरीज इलाज कराने आए। निदेशक डॉ आरके वर्मा का कहना है कि सर्दी में कमी के बाद हार्ट संबंधी दिक्कत वाले मरीजों में इजाफा हुआ है। वहीं फेफड़े, अस्थमा, सांस लेने में दिक्कत के कारण चेस्ट हॉस्पिटल में तीन सौ से अधिक मरीज आए। वहीं निमोनिया, अस्थमा, सांस लेने में दिक्कत के 10 मरीज भर्ती किए गए। हैलट में ब्रेन हेमरेज के 12 मरीजों को भर्ती किया गया। उर्सला, हैलट की ओपीडी में सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार के मरीजों की भीड़ लगी रही।
पूर्वी यूपी में मौसम का यू-टर्न, दिनभर हाड़ कंपाती रही सर्द पछुआ हवा, शाम से घना कोहरा
पूर्वी यूपी मौसम ने एक बार फिर यूटर्न लिया है। बीते 24 घंटे में दिन और रात में करीब आठ डिग्री सेल्सियस पारा लुढ़कने से गलन बढ़ गई। सोमवार की रात नौ बजे के बाद घने कोहरे के चलते घर से बाहर निकले लोग परेशान हो गए। उधर, घने कोहरे ने फ्लाइट और ट्रेनें भी प्रभावित रहीं। दिल्ली से गोरखपुर आने वाली स्पाइस जेट और शाम 6:20 बजे आने वाली एलायंस एयर की फ्लाइट को सोमवार को रद कर दिया गया।
वहीं, कई फ्लाइट निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। गोरखधाम एक्सप्रेस 9 घंटे देरी से गोरखपुर पहुंची। इसके अलावा बरौनी स्पेशल समेत कई अन्य ट्रेनें भी घंटों देरी से चल रही थीं और बार-बार उनके आगमन का समय बढ़ रहा था। इससे यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण सोमवार को दिन का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। अधिकतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री कम 15.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते 24 घंटे में दिन के तापमान में 4.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। सोमवार सुबह से आसमान में घने कोहरे के बादल छाए रहे। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं ने सर्दी के सितम को और बढ़ा दिया।
यह भी पढ़ें: 'जय बजरंग बली दोस्तों', वर्दी में गदा पर विवाद में आए संभल के CO ने दिया जवाब; शेयर कीं तस्वीरें
मौसम विभाग के मुताबिक, बीते शुक्रवार से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण सोमवार को मौसम के मिजाज में यह बदलाव हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले चार से पांच दिनों तक बना रहेगा। मंगलवार और बुधवार को कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। तड़के घना कोहरा छाया रहेगा। कुछ देर के लिए सूरज के दर्शन हो सकते हैं। उसके बाद धीरे-धीरे मौसम सामान्य होगा।
नौ घंटे देरी से पहुंची गोरखधाम एक्सप्रेस
घने कोहरे के चलते सोमवार को कई ट्रेने लेट रही। इससे ट्रेन के यात्रियों को खानपान से लेकर तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बठिंडा से गोरखपुर आने वाली 12556 गोरखधाम एक्सप्रेस की आठ घंटे की देरी से सुबह पौने 10 बजे के बजाय शाम करीब सवा सात बजे गोरखपुर पहुंची। पहुंची। वहीं, नई दिल्ली से गोरखपुर होते हुए सहरसा जाने वाली वैशाली एक्सप्रेस भी डेढ़ घंटे देरी से पहुंची। बरौनी स्पेशल आठ घंटे व दादर स्पेशल सात घंटे देर से चल रही थी।
स्पाइस जेट और एलायंस एयर की उड़ान रद
खराब मौसम के चलते दिल्ली से गोरखपुर आने वाली स्पाइस जेट और शाम 6:20 बजे आने वाली एलायंस एयर की फ्लाइट को सोमवार को रद कर दिया गया। वहीं, सुबह 10:35 बजे गोरखपुर आने वाला इंडिगो का विमान भी 20 मिनट देरी से पहुंचा। इसके अलावा, कोलकाता से अपराह्न 3:45 बजे आने वाले विमान की लैंडिंग भी 45 मिनट की देरी से हुई। यह विमान एक घंटे की देरी से कोलकाता रवाना हुआ। मुंबई से शाम 5:35 बजे आने वाली फ्लाइट ने भी एक घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंचकर सवा घंटे बाद मुंबई के लिए उड़ान भरी।
रात में भी बढ़ गई ठंड
बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। सोमवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा है। यह सामान्य से करीब 0.6 डिग्री सेल्सियस कम था। सूरज ढलने के बाद पारा तेजी से नीचे लुढ़का। गलन बढ़ गई। रात में ठंडी हवाएं सितम ढाती रहीं।
आगरा में कल हो सकती है बारिश
ताजनगरी आगरा में मौसम एक बार फिर पलट सकता है। 22 जनवरी को तेज अंधड़, बिजली गरजने के साथ बारिश हो सकती है। ऐसा होने पर सर्दी, गलन बढ़ सकती है। तापमान में गिरावट आने का अनुमान है।
सोमवार को सप्ताह की शुरुआत और धूप खिलने पर लोग सुबह से ही कामों पर दौड़ लिए। सरकारी कार्यालयों और अस्पतालों में कर्मचारियों ने धूप में चेयर डाल ली। वहीं मरीज और तीमारदारों की संख्या भी बढ़ गई। हालांकि 22 से फिर मौसम बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार तक सुबह हल्का कोहरा या धुंध छाई रह सकती है। दोपहर में आसमान साफ रहेगा। तेज धूप निकलेगी और दिन का तापमान 24 डिग्री के आसपास रह सकता है। यानि किसी प्रकार के बदलाव के आसार नहीं हैं। इसके अगले दिन बुधवार को बदलाव के संकेत हैं। तेज हवाओं, अंधड़ के साथ बिजली कड़कने का अनुमान है। इसके साथ एक या अधिक बार बारिश भी हो सकती है। तब तापमान में गिरावट आने से सर्दी और गलन का स्तर बढ़ सकता है। सर्द हवाएं फिर परेशान कर सकती हैं। जबकि 24 जनवरी से घने कोहरी की आशंका जताई गई है।
यह भी पढ़ें: गेमिंग पोर्टल ठगी गैंग ने अपार्टमेंट के 4 फ्लैटों में डाला था डेरा, FIU के अलर्ट पर पकड़े गए 29 युवक
त्वचा संबंधी रोगों की मार पड़ रही
तापमान के उतार-चढ़ाव, गर्म पानी से नहाने के कारण त्वचा संबंधी रोगों की मार भी पड़ी है। त्वचा का खुश्क होना, बालों में रूसी से लेकर खुजली, एलर्जी, दाने और चकत्ते निकलने के मामले सबसे ज्यादा हैं।
फेफड़ों में संक्रमण से अटक रही सांस
अत्याधिक ठंड से निमोनिया की समस्या आम है। इसके साथ फेंफड़ों में संक्रमण बहुत बढ़ गया है। इससे लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी है। किसी भी सांस संबंधी बीमारी जैसे दमा, अस्थमा, ब्रोंकाइटिस, सीओपीडी और टीबी के मरीजों की दिक्कतें कई गुना बढ़ी हैं।
सोमवार को अधिकतम तापमान स्थिर रहा। यह सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक होकर 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक होकर 12.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 93 दर्ज किया गया।