UP Weather Update: बढ़ते तापमान के बीच आ रहा नया पश्चिमी विक्षोभ, बदलेगा मौसम
- फिलहाल हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम से उत्तर-पूर्वी हो गई है। इससे नमी बढ़ने की संभावना है। बदली भी रहेगी। अब रात का तापमान तेजी से बढ़ेगा। यदि बदली घनी रहती है तो दिन के तापमान में मामूली कमी संभव है। 19 फरवरी को दिल्ली में बारिश हो सकती है। इसका असर यूपी तक आएगा।
UP Weather Update: विक्षोभों की झड़ी ने फरवरी महीने में ही पसीना छुड़ा दिया है। कानपुर में अधिकतम पारा सामान्य से करीब 8.5 से 9 डिग्री अधिक हो गया है। हवा की दिशा बदलने से तापमान 30-32 डिग्री के बीच जा सकता है। रविवार को अधिकतम पारा 29.2 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में यही स्थिति रहेगी। नया पश्चिमी विक्षोभ सोमवार को आ रहा है। इससे पहले ही तापमान में वृद्धि शुरू हो गई है। पिछले 48 घंटों से लगातार दिन का पारा 29 के पार जा रहा है। फरवरी में यह तापमान अधिक है। फिलहाल हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम से उत्तर-पूर्वी हो गई है। इससे नमी बढ़ने की संभावना है। बदली भी रहेगी। अब रात का तापमान तेजी से बढ़ेगा। यदि बदली घनी रहती है तो दिन के तापमान में मामूली कमी संभव है। दिल्ली में 19 फरवरी को बारिश की संभावना है। इसका असर कानपुर मंडल तक आएगा।
रात का तापमान 10.7 से 11 डिग्री पहुंच गया। अगले 48 घंटों में दो से तीन डिग्री की वृद्धि संभव है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील ने कहा कि सोमवार को विक्षोभ के बाद हवा की गति धीरे-धीरे बढ़ेगी। कुछ सर्दी भी रहेगी पर इससे पहले तापमान और बढ़ सकता है। 20 से मौसम बेहतर होने के बाद 23 फरवरी से फिर स्थितियां बदल जाएंगी। तपिश की शुरुआत हो सकती है।
वाराणसी का पारा फिर 31 के पार
वाराणसी में फरवरी में ही तापमान एक बार फिर 31 डिग्री के पार पहुंच गया है। रविवार को बनारस प्रयागराज (31.8 डिग्री तापमान) के बाद प्रदेश में दूसरा सबसे गर्म जनपद रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन-चार दिन तापमान में नरमी के आसार नहीं हैं।
हालांकि सुबह-शाम हल्की ठंड है लेकिन दोपहर में तेज धूप हॉवी है। रविवार को दिन का तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री ज्यादा और रात का तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री कम 12 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में तेज धूप से लोग स्वेटर और जैकेट के बिना भी दिख रहे हैं। मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर होने से तापमान बढ़ रहा है। 22 फरवरी के बाद एक और विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं।