Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़UP Weather: Cold will increase further in UP in the next 48 hours, Meteorological Department issued this warning

UP Weather: कोहरे और गलन से यूपी बेहाल, अगले 48 घंटों में और बढ़ेगी ठंड, मौसम विभाग जारी की ये चेतावनी

  • UP Weather: कोहरे और गलन से यूपी बेहाल है।24 घंटों के दौरान कानपुर शहर और इटावा सबसे ठंडे रहे। मौसम विभाग विभाग ने शीत दिवस की चेतावनी जारी की है। अगले 48 घंटों में और ठंड बढ़ेगी।

Deep Pandey लाइव हिन्दुस्तानTue, 7 Jan 2025 05:52 AM
share Share
Follow Us on
UP Weather:  कोहरे और गलन से यूपी बेहाल, अगले 48 घंटों में और बढ़ेगी ठंड, मौसम विभाग जारी की ये चेतावनी

प्रदेश के ज्यादातर जिले भीषण सर्दी की मार झेल रहे हैं। बीते 24 घंटों के दौरान कानपुर शहर और इटावा सबसे ठंडे रहे। इन जिलों में रात के साथ दिन में भी सर्वाधिक सर्दी रही। इसके बाद फतेहपुर और लखनऊ रहे। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मंगलवार को यूपी के अधिसंख्य जिलों में घने से बेहद घना कोहरा हो सकता है। वाराणसी और आसपास के इलाकों में तापमान और नीचे जा सकता है। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार, फिलहाल 10 जनवरी तक इस सर्दी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। पश्चिमी विक्षोभ तो गुजर गया लेकिन इससे हवा में आई नमी ने कोहरा बढ़ा दिया। यही वजह है कि लोग धूप के लिए तरस गए हैं। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक और विश्लेषक अतुल कुमार सिंह के अनुसार अगले 48 घंटों में पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में सर्दी और जोर पकड़ सकती है। इसी को देखते हुए शीत दिवस की चेतावनी जारी की गई है।

बीते 24 घंटों के दौरान फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर सिटी में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री दर्ज हुआ। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 7.4 डिग्री अधिक 14.4 डिग्री रहा। इटावा में न्यूनतम तापमान 8.4 ओर अधिकतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, लखनऊ में न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

मेरठ में बारिश, प्रयागराज और गोरखपुर में राहत की धूप

पश्चिमी विक्षोभ से सोमवार को मेरठ सहित वेस्ट यूपी के कुछ हिस्सों में सुबह के वक्त हल्की बौछारें गिरीं। दिन में बादल छाए रहे और हल्की धूप निकली। मेरठ में 1.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। देर शाम वेस्ट यूपी में बर्फीली हवाओं ने दस्तक दे दी।

ये भी पढ़ें:UP में जल्द नहीं थमेगा भीषण ठंड का कहर, मौसम विभाग ने की डराने वाली भविष्यवाणी

प्रयागराज: तापमान में वृद्धि से मिली मामूली राहत

नए साल में न्यूनतम तापमान में हो रही गिरावट प्रयागराज में सोमवार को थम गयी। हल्की धूप निकलने से पिछले पांच दिनों से ठंड से कांप रहे लोगों को कुछ राहत मिली। सोमवार को अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा। 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 2.7 और न्यूनतम तापमान में 4.7 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गयी।

गोरखपुर: चटख धूप से छह डिग्री चढ़ा दिन का पारा

गोरखपुर-बस्ती मंडल में 24 घंटे में ही मौसम ने रंग बदल दिया। चटख धूप ने सर्दी से राहत दी। सुबह जरूर घना कोहरा रहा लेकिन जल्दी ही छंट गया। गोरखपुर में आठ दिन बाद अधिकतम तापमान में तेज उछाल आया। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से करीब 5.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

बरेली: चढ़ा दिन का पारा

बरेली में सोमवार को दिन का तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से करीब 4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वैसे 24 घंटों में तापमान में बढ़ोतरी हुई है। सुबह करीब 9 बजे तक आसमान में धुंध रही और कोहरे का असर दिखा। दिन में खिली धूप से लोगों को मामूली राहत मिली।

यूपी को 45 दिन ठंडा रखेगी कोल्ड जेट स्ट्रीम

विशेषज्ञों के मुताबिक जो पश्चिमी विक्षोभ बन रहे और मौसमी चक्रों से बदलाव आ रहा है उससे लगता है कि सब ट्रॉपिकल जेट कोल्ड स्ट्रीम थोड़ा नीचे बनी रहेगी और सर्दी को तीखा बनाती रहेगी। इसके 45 दिनों तक प्रभावी रहने की संभावना है। स्ट्रीम का असर पूरे प्रदेश में रहेगा।

अगला लेखऐप पर पढ़ें