मुरादाबाद में तेंदुए की दहशत, खेतों में घुसकर किसान पर हमला, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
यूपी के मुरादाबाद में छजलैट थाना क्षेत्र के गांव में शुक्रवार को खेत पर काम कर रहे मजदूर पर तेंदुए ने जानलेवा हमला कर दिया। पंजा लगने से मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यूपी के मुरादाबाद में छजलैट थाना क्षेत्र के गांव में शुक्रवार को खेत पर काम कर रहे मजदूर पर तेंदुए ने जानलेवा हमला कर दिया। पंजा लगने से मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगाया और गांव वालों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए अलर्ट जारी किया। बताया जा रहा है कि किसान ईंख की खुदाई कर रहा था। अचानक तेंदुआ दूसरे खेत से निकला और हमला कर दिया। किसान खुद को संभाल नहीं पाया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार छजलैट थाना क्षेत्र के गांव नक्शनदाबाद निवासी मजदूर दलवीर गांव के ही सुरेश के खत पर काम कर रहा था। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे घात लगाए बैठे तेंदुए ने दलवीर पर हमला कर दिया। मजदूर की चीख सुनकर अन्य ग्रामीण उसकी ओर भागे। तेंदुए को देखकर गांव वालों ने शोर मचाया तो तेंदुआ भाग गया। गंभीर रूप से घायल मजदूर को कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
डीएफओ, सूरज ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि छजलैट के नक्शनदाबाद गांव में मजदूर पर तेंदुए ने हमला किया है। जानकारी मिलते ही टीम ने पिंजरा लगा दिया है। ग्रामीणों को भी सचेत रहने की आवश्यकता है। शाम के समय घर से अकले निकलने से ग्रामीणों को बचना चाहिए और बच्चों को भी घर से बाहर जाने से रोका जाए।
पहली बार गांव में मिला मूवमेंट, दहशत व्याप्त
मुरादाबाद के नक्शनदाबाद गांव में पहली बार तेंदुए दिखाई दिया और पहली ही बार में तेंदुए ने मजदूर पर हमला भी कर दिया। इससे ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई है। वन विभाग के डिप्टी रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया आसपास में तेंदुआ सक्रिय जरूर है, लेकिन नक्शनदाबाद में मूवमेंट नहीं था।