गैंगवार में युवक को अगवा कर पिटा, पिस्टल तान बनाई वीडियो, हमले के बाद खुद की वायरल
- मेरठ के लोधी गैंग और फत्ते गैंग में लगातार टकराव हो रहा है। लोधी गैंग ने दूसरे पक्ष के युवक को अगवा कर सात मार्च को बजौट गांव के जंगल में बेरहमी से पीटा। उसके सिर पर ईंट से वार किए और चेहरे पर जूता रखकर कुचल दिया।

मेरठ के लोधी गैंग और फत्ते गैंग में लगातार टकराव हो रहा है। लोधी गैंग ने दूसरे पक्ष के युवक को अगवा कर सात मार्च को बजौट गांव के जंगल में बेरहमी से पीटा। उसके सिर पर ईंट से वार किए और चेहरे पर जूता रखकर कुचल दिया। आरोपियों ने युवक पर पिस्टल तान दी और गोली मारने की धमकी दी। आरोपियों ने हमले के दौरान मारपीट की वीडियो बनाई और इसे खुद वायरल कर दिया। लोहियानगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया, लेकिन हल्की धाराएं लगाई। अब सनसनीखेज वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कातिलाना हमले की धारा बढ़ाई। एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
परतापुर में रिठानी निवासी सिंकदर लोधी लोधी नाम से गैंग चलाता है। सिकंदर की गांव निवासी विनय से टशनबाजी है। विनय गांव के फत्ते ग्रुप से जुड़ा है और दोनों पक्ष में टकराव हो रहा है। एक माह पूर्व फत्ते गैंग ने सिकदर को परतापुर में उठा लिया और बंधक बनाकर पीटा। चेहरे पर जूते रखकर कुचला। मारपीट कर धमकी देकर छोड़ दिया था। इसके बाद से लोधी ग्रुप दूसरे ग्रुप के पीछे लगा था।
7 मार्च की दोपहर लोधी ग्रुप को मौका मिला और विनय को सिकंदर ने साथियों के साथ मिलकर उठा लिया। विनय को बजौट के जंगल में लाए और बेरहमी से पीटा। विनय को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। एक आरोपी ने ईट लेकर विनय के सिर पर कई वार किए, दूसरे ने विनय को जमीन पर गिराकर जूते से उसका चेहरा कुचल दिया। दो मिनट 11 सेकेंड की वीडियो में आरोपी उससे बेरहमी से मारपीट करते दिख रहे हैं।
सिर पर ईंट से पांच बार वार किए
अखिलेश हमले की वीडियो बना रहा था और लगातार विनय को धमकी दे रहा था। एक हमलावर ने जमीन पर पड़े विनय के सिर पर ईंट से पांच बार वार किए। डंडा उठाया और चार बार सिर और पैरों पर हमला किया। दूसरे युवक ने विनय के घुटनों पर ईंट से हमला किया। वीडियो बना रहे आरोपी ने कहा कि इसे सबक सिखाना है। पुलिस ने एक आरोपी अखिलेश को गिरफ्तार किया है
पुलिस ने हल्की धाराओं में किया मुकदमा
हमले के बाद घायल विनय को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोट हैं। विनय के पिता सतवीर की तहरीर पर पुलिस ने सिकंदर लोधी, अखिलेश, नितिन एलेक्स, सनी शूटर और गुरु पर बलवा, घातक हथियार से हमले की धारा में मुकदमा किया। रविवार को वीडियो वायरल हुआ तो कातिलाना हमले की धारा मुकदमे में बढ़ाई।
अखिलेश पापा और सिकंदर पापा बोल..
आरोपियों में से एक ने विनय की गर्दन पर जूता रखा और दम घोंटने का प्रयास किया। आरोपियों ने विनय पर दबाव बनाया कि वह अखिलेश और सिकंदर को पापा कहे। विनय जान बचाने के लिए अखिलेश पापा और सिकंदर पापा बोलता रहा। अखिलेश ने विनय के सिर पर पिस्टल तान दी और कहा गोली मार दूं क्या?
लोहियानगर, इंस्पेक्टर, विष्णु कुमार विनय पक्ष ने एक माह पूर्व सिकंदर को पीटा था। इसी विवाद में सिकंदर पक्ष ने सात मार्च को विनय को अगवा कर पिटाई की थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है और आरोपी अखिलेश को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
एसएसपी मेरठ, डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि लोहियानगर में युवक की पिटाई का वीडियो सामने आया है। पुलिस ने शिकायत पर तुरंत मुकदमा दर्ज किया है। मेडिकल रिपोर्ट और वीडियो के आधार पर धारा बढ़ाई गई है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। विनय का झगड़ा कुछ दिन पूर्व सिकंदर के साथ हुआ था। इसी को लेकर दोनों पक्ष में रंजिश है और इसी क्रम में यह घटना हुई है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है और जल्द गिरफ्तारी होगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।