Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़UP Congress Strong demonstration against Yogi government entire party took to the streets with Ajay Rai Avinash Pandey

योगी सरकार के खिलाफ कांग्रेस का जबरदस्त प्रदर्शन, अजय राय, अविनाश पांडेय संग सड़क पर उतरी पूरी पार्टी

यूपी की योगी सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने बुधवार को जमकर प्रदर्शन किया। लखनऊ मंडल के छह जिलों से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अगुवाई में शहीद स्मारक से लेकर कमिश्नर कार्यालय तक मार्च किया।

Yogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तानWed, 18 Sep 2024 11:54 AM
share Share

यूपी की योगी सरकार के खिलाफ कांग्रेस ने बुधवार को जमकर प्रदर्शन किया। लखनऊ मंडल के छह जिलों से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अगुवाई में शहीद स्मारक से लेकर कमिश्नर कार्यालय तक मार्च किया। कांग्रेस नेताओं ने कानून व्यवस्था के मोर्चे पर योगी सरकार को फेल बताता हुए जमकर नारेबाजी की। अजय राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं की स्थिति बेहद खराब है। पुलिस वाले ही कानून से खिलवाड़ कर रहे हैं। पुलिस कस्टडी में लखीमपुर में दलित लड़के की हत्या कर दी गई। 

कहा कि अयोध्या के मंदिर में सफाई का काम करने वाली एक बिटिया के साथ 8 लोगों ने मिलकर रेप किया। मंगेश यादव को घर से उठाकर एनकाउंटर के नाम पर हत्या कर दी गई। पूरे प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। अजय राय ने कहा कि भाजपा कहती है कि अपराधी अब यूपी में नहीं है। निश्चित रूप से सभी अपराधी भाजपा के सदस्य और विधायक बन गए।

अविनाश पांडे ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है। महिलाओं के सम्मान से खिलावाड़ किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में हर रोज रेप की घटनाएं सामने आ रहीं हैं। यूपी सरकार में बैठे लोग सिर्फ राहुल गांधी के खिलाफ बयानबाजी करते हैं। वो जनता के मुद्दे पर बात नहीं करना चाहते।

यूपी में सौहार्द खत्म करने की कोशिश की जा रही है। अगर महिला अपराध में कमी नहीं आई तो प्रदेश के सभी मंडलों में प्रदर्शन करेंगे। राहुल गांधी लगातार सदन में महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर लड़ाई लड़ रहे हैं। तमाम कांग्रेसी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर महिलाओं के सम्मान की लड़ाई को लड़ रहे हैं।

प्रदर्शन में पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव धीरज गुर्जर ने कहा कि हम पिछले 8 साल से आम आदमी की लड़ाई लड़ रहे हैं। अयोध्या जैसे धार्मिक स्थल में अपराध पर भाजपा सरकार अंकुश नहीं लगा पा रही है। 8 साल में किसी भी बड़े अपराधी के खिलाफ एक्शन नहीं लिया गया। कांग्रेस जमीनी स्तर पर जनता की लड़ाई लड़ती रहेगी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें