फेसबुक लाइव पर आत्महत्या की कोशिश, वीडियो देख रहे लोग दौड़कर घर पहुंचे, बचाई जान
- आगरा के एक युवक ने फेसबुक लाइव पर आत्महत्या की कोशिश की। फेसबुक लाइव पर रविवार की रात एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी का प्रयास। लाइव के दौरान उससे जुड़े लोगों ने उसे रोकने का प्रयास। कमेंट करके ऐसा न करने के लिए कहा।

आगरा के एक युवक ने फेसबुक लाइव पर आत्महत्या की कोशिश की। फेसबुक लाइव पर रविवार की रात एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी का प्रयास। लाइव के दौरान उससे जुड़े लोगों ने उसे रोकने का प्रयास। कमेंट करके ऐसा न करने के लिए कहा। वहीं कुछ लोग दौड़ते हुए युवक के घर पहुंचे। उसे बचाया। घटना की जानकारी पुलिस को भी लगी। पुलिस भी युवक के घर आ गई। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के पीछे वजह गृह क्लेश बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि नाई की मंडी क्षेत्र निवासी ओमी ने खुदकुशी का प्रयास किया था। उसका अपने चाचा चाची से विवाद चल रहा है। पत्नी से भी खटपट हो गई थी। इस वजह से वह परेशान है। फेसबुक पर लाइव आकर उसने खुदकुशी की कोशिश की। वह मकान की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में अकेला था। रात 11 बजे उसने फेसबुक लाइव शुरू किया और उसमें अपने चाचा-चाची व उनके दामाद पर आरोप लगाते हुए जान देने की बात बोली। करीब 13 मिनट लाइव रहकर फंदा बनाया और लटक गया।
बस्ती के युवकों ने भी उसे लाइव खुदकुशी करते देखा। वे भागकर उसके घर पहुंचे। शोर मचाया। परिजनों को जगाया। पहली मंजिल पर पहुंचकर उसे पकड़ा। फंदा खोला। सूचना पर तब तक नाई की मंडी पुलिस भी आ गई। पुलिस ने ओमी को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। पुलिस ने फेसबुक लाइव की वीडियो के आधार पर बताया कि युवक अपने चाचा-चाची के कारण परेशान है। उसका अपनी पत्नी से भी झगड़ा हुआ था जिस कारण उसने ये कदम उठाया।
पुलिस का कहना है कि युवक का इलाज जारी है। मामले में पुलिस जांच कर रही है। युवक के बयान दर्ज किए जाएंगे। साथ ही उसके चाचा-चाची और पत्नी से भी पूछताछ की जाएगी।