Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़UP Monsoon update On which day will weather change Scientists have made prediction alert also issued regarding 19 and 20 June

UP Monsoon update: किस दिन बदलेगा यूपी का मौसम? वैज्ञानिकों ने कर दी भविष्यवाणी, 19 और 20 जून को लेकर भी अलर्ट

बढ़ती गर्मी के साथ चढ़ता पारा सिर्फ दिन ही नहीं बल्कि रात में भी पचासों साल पुराने रिकार्ड ध्वस्त कर रहा है। इस बार की प्रचंड गर्मी और उसके चलते विभिन्न कारणों से बीमार पड़े लोगों की मौत का सिलसिला...

Dinesh Rathour विशेष संवाददाता, लखनऊTue, 18 June 2024 04:26 PM
share Share

UP Monsoon update: बढ़ती गर्मी के साथ चढ़ता पारा सिर्फ दिन ही नहीं बल्कि रात में भी पचासों साल पुराने रिकार्ड ध्वस्त कर रहा है। इस बार की प्रचंड गर्मी और उसके चलते विभिन्न कारणों से बीमार पड़े लोगों की मौत का सिलसिला बराबर जारी है। हालांकि किसी भी जिले में प्रशासन ने गर्मी से मौत होने की तस्दीक नहीं की है। फिलहाल बुधवार व गुरुवार को पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्मी का रेड अलर्ट है और फिर शुक्रवार व शनिवार के लिए ऑरेंज अलर्ट है। यूपी में मौसम बदलने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए मौसम वैज्ञानिकों ने बड़ी भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने रविवार व सोमवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने या बारिश होने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलने का अनुमान जताया है।

बुंदेलखंड और मध्य यूपी में मंगलवार को बीते 24 घंटे में कुल 61 लोगों की गर्मी से संबंधित वजहों से मौत की सूचना है। तीसरे दिन भी सर्वाधिक 39 मौतें बुंदेलखंड में हुई। इनमें बांदा में 11, चित्रकूट में 9, हमीरपुर में 8, महोबा में 6, उरई में 5 मौतें शामिल हैं। इसके अलावा मध्य यूपी में 22 लोगों की जान चली गई। इनमें कानपुर में दरोगा समेत 11, कानपुर देहात और फतेहपुर में पांच-पांच, औरैया में एक मौत शामिल है। बरेली जिला अस्पताल की मोर्चरी में तैनात कर्मचारी की मौत हो गई। आशंका है कि गर्मी की वजह से उसकी जान गई है। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी। इसके अलावा गर्मी से तीन लोगों की तबीयत बिगड़ने पर उनको जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती किया गया है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार 46.4° डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ उरई में जहाँ प्रदेश का सबसे गर्म दिन रहा वहीँ 35.3° डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ कानपुर की रात प्रदेश में सबसे गर्म रही। राजधानी लखनऊ में  भीषण लू से गरम रात की स्थितियां  बनी रहीं और इसके आगामी तीन-चार  दिनों के दौरान उत्तरोत्तर कमी के साथ जारी रहने की सम्भावना है। वर्ष 1998 के बाद जून महीने में लखनऊ में 32.6° सेल्सियस तापमान के साथ सोमवार की  रात राजधानी लखनऊ के मौसमी आंकड़ों के संकलन के इतिहास (1950-2024) में जून महीने की तीसरी सबसे गर्म रात रही। बरेली में भी मौसमी आंकड़ों के इतिहास में सोमवार की रात तीसरी सबसे गरम रात रही। गरम रातों के नये रिकार्ड बनने के सिलसिले में प्रदेश के तीन स्थानों पर नये रिकार्ड बने। लखीमपुर खीरी  1969, शाहजहांपुर में 1977 के बाद जून के महीने में 33 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बीते सोमवार की रात सबसे गरम रही। वाराणसी में 1969 के बाद सोमवार को 33.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ जो कि एक नया रिकार्ड है।

 सोमवार को सुल्तानपुर में दर्ज हुआ 47 डिग्री सेल्सियस दिन का तापमान जून के महीने में मौसमी आंकड़ों के संकलन के इतिहास में अब तक का सबसे अधिक तामपान है। बरेली में  गर्म रात का का नया रिकार्ड, 70 साल के बाद रात का पारा 33 डिग्री पर पहुंचा।  शाहजहांपुर के गन्ना शोध परिषद ने मंगलवार को न्यूनतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया।  मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि 70 साल के मौसम सम्बंधी आंकड़ों के संकलन के इतिहास में अब तक का सबसे गरम रात रही। उन्होंने बताया कि एक नये पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव तथा पुरवा हवा के साथ प्रतिक्रिया के परिणामस्वरूप उत्तरी तराई इलाकों में गरज चमक के साथ तेज आंधी चलने के आसार बन रहे हैं।  19 जून से शुरू होने वाली हल्की से मध्यम बारिश के दौर से उत्तरी तराई इलाकों में लू से प्रचंड लू की स्थिति से राहत मिलने की उम्मीद है। जबकि मध्यवर्ती व दक्षिणी हिस्सों में गर्मी की तीव्रता में उत्तरोत्तर कमी के साथ आगामी तीन चार  दिनों तक जारी रहने की सम्भावना है।

आगरा और आसपास के इलाकों में सोमवार की देर रात हुई तेज बारिश और आंधी के चलते पारा लुढ़का जरूर पर गर्मी बरकरार रही। आगरा में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रात के न्यूनतम तापमान में पिछले दिन की अपेक्षा करीब 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। यहां 24 घंटे में 6.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं मथुरा में रात के तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज हुई, जबकि दिन का तापमान भी 46 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। मानसून के बाबत पूछे जाने पर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल अगले तीन चार दिन दक्षिणी पश्चिमी मानसून की उत्तर प्रदेश में आने के आसार तो नहीं हैं। जब यह बिहार में आ जाए उसके बाद ही उत्तर प्रदेश में मानसून के आगमन के बारे में कुछ सम्भावना बनेगी। उन्होंने बताया कि एक नये पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 19 जून से प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश के आसार बन रहे हैं।

प्रयागराज के मौसम में बदलाव हुआ है। सोमवार की रात में बादल छाने और रात से ही हवा चलने के कारण रात के तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई है। वहीं दिन का पारा 24 घंटे में 47.6 डिग्री सेल्सियस से 5.1 डिग्री गिरावट के साथ 42.5 डिग्री पर पहुंच गया। हालांकि इसके बावजूद यह सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। 

कानपुर में गश खाकर गिरे हेडकांस्टेबल की मौत

माना जा रहा है कि मरने वालों में ज्यादातर बुजुर्ग या बीमार थे, जो तेज गर्मी बर्दाश्त नहीं कर सके। फतेहपुर में पिछले 24 घंटे में अलग-अलग स्थानों में चार शव मिले। कानपुर में चलते-चलते गिर पड़े हेड कांस्टेबल की मौत हो गयी। कानपुर सेंट्रल में कैंट साइड से ड्यूटी करके बाइक से वापस जाते समय सांसे थम गईं। अस्पतालों में डायरिया, डिहाइड्रेशन के सैकड़ों मरीज भर्ती हो रहे हैं। 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें